आरा.
अजीमाबाद थाना क्षेत्र के कमरिया गांव के समीप मंगलवार की सुबह हथियार के बल पर एक आभूषण दुकानदार से लूटपाट की गयी है. बाइक सवार अपराधियों ने दुकान जा रहे दुकानदार से हजारों रुपये के जेवर और मोबाइल लूट लिया. बदमाश बाइक और दुकान के लॉकर की चाबी भी छीन कर लेते गये. घटना संदेश थाना क्षेत्र के रामासाढ़ गांव निवासी कन्हैया साव के पुत्र सह आभूषण व्यवसायी संटू साव के साथ हुई. सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस पहुंची और घटना की जानकारी ली. उसके बाद अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी शुरू कर दी गयी. उसे लेकर सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. मोबाइल लोकेशन की भी जांच की जा रही है. बताया जा रहा है कि रोज की तरह मंगलवार की सुबह संटू साव बाइक से खेड़ी व कमरिया स्थित अपनी दुकान जा रहे थे, तभी कमरिया पुल के समीप बाइक सवार दो बदमाश पहुंच गये और उन्हें रोक दिया. उसके बाद हथियार के बल पर उनसे सोने का एक लॉकेट, एक जोड़ी सोने की कान बाली, दो मोबाइल, बाइक और दुकान के लॉकर की चाबी छीन लिया. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी खेड़ी की ओर भाग गये. घटना के बाद दुकानदार द्वारा हो हल्ला करने पर ग्रामीण पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गयी. इधर, लूट की सूचना पर थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार के नेतृत्व में पहुंची पुलिस अपराधियों की पहचान के लिए कमरिया, खेड़ी बाजार और मेघरिया में लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाल रही है. लूट के समय का टावर डंप के जरिए उस एरिया में एक्टिव मोबाइल नंबरों को भी खंगाल रही है.
The post हथियार के बल पर आभूषण दुकानदार से जेवर और मोबाइल की लूट appeared first on Naya Vichar.

