Bank Strike Today: देशभर में बैंक ग्राहकों के लिए शुक्रवार, 11 सितंबर को बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं. यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था लागू करने समेत कई मांगों को लेकर एक दिन की देशव्यापी हड़ताल बुलाई है. सार्वजनिक क्षेत्र के कई बैंकों ने ग्राहकों को पहले ही संभावित असर की जानकारी दे दी है.
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI), पंजाब नेशनल बैंक (PNB), यूको बैंक और बैंक ऑफ महाराष्ट्र समेत कई बैंकों ने कहा है कि उन्होंने कामकाज सामान्य रखने के लिए जरूरी इंतजाम किए हैं. हालांकि, कर्मचारियों की भागीदारी के आधार पर शाखाओं और दफ्तरों का काम प्रभावित हो सकता है.
बैंक कर्मचारी आखिर हड़ताल क्यों कर रहे हैं?
UFBU सात बैंक कर्मचारी और अधिकारी यूनियनों का संयुक्त मंच है. यूनियनों की मुख्य मांग पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था लागू करना है. इसके अलावा कर्मचारियों और पेंशनभोगियों से जुड़े कई मुद्दों को भी जल्द सुलझाने की मांग की जा रही है.
मुख्य मांगों में शामिल हैं:
- पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था लागू करना
- पेंशन को अपडेट करना
- पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ते (DA) का एक समान फॉर्मूला
- नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) वाले कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना में जाने का विकल्प
- सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक कर्मचारियों के लिए परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना से जुड़े मुद्दों का समाधान
PLI योजना को लेकर क्या है मामला?
बैंक यूनियनों ने PLI योजना को लेकर भी चिंता जताई है. वित्त मंत्रालय ने 19 नवंबर 2024 को जारी PLI योजना को वित्त वर्ष 2025-26 के लिए फिलहाल रोक दिया है.
मंत्रालय के मुताबिक, इस मुद्दे पर नए द्विपक्षीय समझौते और संयुक्त नोट को लेकर चल रही बातचीत के दौरान विचार किया जाएगा. यह फैसला वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक कर्मचारियों के प्रतिनिधियों के बीच हुई बैठक के बाद आया. बैठक में PLI के अलावा एक्स-ग्रेशिया भुगतान और रिटायर हो चुके बैंक कर्मचारियों की स्वास्थ्य सुविधाओं जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई.
11 सितंबर के बाद बैंक कब-कब बंद रहेंगे?
ग्राहकों के लिए परेशानी सिर्फ 11 सितंबर तक सीमित नहीं रह सकती. UFBU ने 28 से 30 सितंबर तक तीन दिन की देशव्यापी हड़ताल का भी ऐलान किया है. अगर मांगों पर समाधान नहीं निकला तो 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी भी दी गई है.
इसके अलावा 11 सितंबर की हड़ताल के अगले दिन 12 सितंबर को दूसरा शनिवार और 13 सितंबर को रविवार है। 14 सितंबर को कुछ राज्यों में गणेश चतुर्थी के कारण बैंक अवकाश रहेगा.
| तारीख | स्थिति |
| 11 सितंबर | देशव्यापी बैंक हड़ताल |
| 12 सितंबर | दूसरा शनिवार |
| 13 सितंबर | रविवार |
| 14 सितंबर | कुछ राज्यों में गणेश चतुर्थी की छुट्टी |
ऐसे में कुछ राज्यों में बैंक शाखाओं का काम लगातार कई दिनों तक प्रभावित हो सकता है. इसलिए जरूरी बैंकिंग काम वाले ग्राहकों के लिए बेहतर होगा कि वे अपने संबंधित बैंक की स्थानीय शाखा और छुट्टियों के कैलेंडर के हिसाब से पहले से योजना बना लें.
ये भी पढ़ें: Bank Holiday September: 11 सितंबर से लगातार 3 दिन बंद रहेंगे बैंक, जानें क्यों… ?
The post 11 सितंबर को बैंकिंग पर ब्रेक, SBI-PNB समेत कई बैंकों में ठप हो सकता है कामकाज appeared first on Naya Vichar.

