Jamshedpur News: हटिया-टाटानगर एक्सप्रेस ट्रेन में पिछले महीने घायल अवस्था में मिली एक तलाकशुदा स्त्री की मौत के मामले में रेल पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. प्रेम, धोखा और बेरहमी से कत्ल की इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाला कोई और नहीं, बल्कि मृतका का 20 वर्षीय प्रेमी कुमार ऋषभ है, जो रांची के मारवाड़ी कॉलेज में बीसीए का छात्र है. शादी का दबाव बनाने पर 27 साल की प्रेमिका को मौत के घाट उतारने वाला यह शातिर आरोपी सब कुछ बेहद प्लानिंग के साथ कर रहा था, लेकिन स्टेशन पर ऑनलाइन यूपीआई पेमेंट कर पानी की बोतल खरीदने की उसकी एक छोटी सी भूल ने पुलिस को उस तक पहुंचा दिया और टाटानगर रेल पुलिस व आरपीएफ ने ऑपरेशन रेल प्रहरी के तहत उसे धर दबोचा.
6 जून को हटिया-टाटानगर एक्सप्रेस में घायल मिली थी स्त्री
6 जून को हटिया-टाटानगर एक्सप्रेस में एक स्त्री यात्री लहूलुहान और अचेत अवस्था में मिली थी. स्त्री के साथ बेरहमी से मारपीट की गई थी और उसके कान से खून बह रहा था. जीआरपी ने उसे तत्काल जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया. करीब 10 दिनों तक अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझने के दौरान स्त्री न तो बयान देने की स्थिति में थी और न ही कोई उसका सुराग लेने अस्पताल पहुंचा था. अंततः 15 जून को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, जिसके बाद मारपीट का यह मामला एक ‘ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री’ में तब्दील हो गया और पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया.
रांची की बरियातू की रहने वाली थी स्त्री
जांच के बाद मृतका की पहचान रांची के बरियातू निवासी के रूप में हुई, जो तलाकशुदा थी. वहीं, गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहार के पूर्वी चंपारण जिला अंतर्गत राजेपुर थाना क्षेत्र के कुमार ऋषभ (20 वर्ष) के रूप में की गई है. ऋषभ फिलहाल रांची के मारवाड़ी कॉलेज से बीसीए की पढ़ाई कर रहा है. पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने पहले स्त्री को अपने प्रेम जाल में फंसाया और करीब एक महीने तक उसके साथ अवैध संबंध बनाए रखा. जब स्त्री ने उस पर सामाजिक रूप से शादी करने का दबाव बनाना शुरू किया, तो ऋषभ ने उसे रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रची और धोखे से ट्रेन में बैठा दिया.
मोबाइल चार्जर के तार से स्त्री का गला घोटा गया
रात के वक्त जब ट्रेन टाटानगर स्टेशन के नजदीक पहुंची, तो ऋषभ ने प्रेमिका को समझाने का खूब प्रयास किया. जब वह अपनी मांग पर अड़ी रही, तो आरोपी ने गुस्से में आकर मोबाइल चार्जर के तार से उसका गला घोंटकर हत्या करने का प्रयास किया और उसे मरा हुआ समझकर अचेत अवस्था में ही बोगी में छोड़कर भाग निकला.
रांची स्टेशन के फुटेज से सुलझी गुत्थी
इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने के लिए आरपीएफ के एएसआई बलबीर प्रसाद की टीम ने रांची से लेकर टाटानगर तक के सभी स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. रांची स्टेशन के फुटेज में स्त्री एक संदिग्ध युवक के साथ स्टेशन में प्रवेश करती दिखी. इसी दौरान वह युवक ट्रेन पकड़ने से पहले स्टेशन के एक स्टॉल पर ऑनलाइन भुगतान यूपीआई के जरिए पानी की बोतल खरीदता हुआ कैमरों में कैद हो गया. पुलिस ने तुरंत उस वेंडर से डिजिटल भुगतान का विवरण हासिल किया और बिष्टुपुर साइबर थाने की मदद से ट्रांजेक्शन का गहन विश्लेषण किया.
कॉल डिटेल और लोकेशन से पकड़ाया आरोपी
इससे पुलिस को आरोपी का प्राथमिक मोबाइल नंबर और उसकी पूरी गतिविधियों का सुराग मिल गया. इसके बाद कॉल डिटेल रिकॉर्ड और टावर लोकेशन से पुष्टि हो गई कि घटना के समय आरोपी उसी ट्रेन मार्ग पर मौजूद था. तकनीकी जांच के दौरान आरोपी का एक दूसरा सक्रिय मोबाइल नंबर भी पुलिस के हाथ लगा. बैंक खातों और केवाईसी दस्तावेजों की पड़ताल से आरोपी का नाम कुमार ऋषभ और उसका पता पूरी तरह स्पष्ट हो गया.
बरियातू थाने में दर्ज थी स्त्री की गुमशुदगी की रिपोर्ट
इस बीच, 30 जून को रांची के बरियातू थाने में स्त्री की गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया गया था. टाटानगर रेल पुलिस ने जब रांची पुलिस से संपर्क कर मृतका की तस्वीर का मिलान कराया और संदेही ऋषभ को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस अब आगे की कार्रवाई कर रही है.
ये भी पढ़ें…
हिमांशु सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल पर दो लाख का इनाम, सूचना देने वाले की पहचान रहेगी गुप्त
हेमंत प्रशासन का बड़ा फैसला: वकारिब बने जमशेदपुर के नये SSP, मनोज स्वर्गियारी को सरायकेला पुलिस की कमान
The post 20 साल का प्रेमी ही निकला तलाकशुदा प्रेमिका का हत्यारा; यूपीआई पेमेंट कर फंसा आरोपी appeared first on Naya Vichar.

