रांची. बंगाल की खाड़ी में गहरे निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण बीते चार दिनों से झारखंड में मौसम अचानक बदल गया. शुक्रवार को भी कई इलाकों में तेज बारिश हुई. साथ ही 55 से 60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चली, जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गयीं और जनजीवन थम सा गया. जगह-जगह पेड़ और बिजली के पोल उखड़ने से सड़कें बाधित हो गयीं, जबकि कई इलाकों में रात से ही बिजली गुल है. जैसे ही बच्चों से भरी स्कूल बस आगे बढ़ी, अचानक एक विशाल पेड़ ठीक उसके सामने गिर पड़ा. गनीमत रही कि चालक की सतर्कता से शिशु सुरक्षित बच निकले.
KG से 12वीं कक्षा तक के सभी स्कूल बंद
इधर, राजधानी में भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए जिले में शनिवार (26 सितंबर) को केजी से 12वीं कक्षा तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे. जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने स्कूलों को बंद करने से संबंधित आदेश जारी किया है. विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए यह निर्णय लिया गया है. इसका पालन सभी प्रशासनी, गैर-प्रशासनी सहायता प्राप्त, अल्पसंख्यक और निजी विद्यालयों को करना होगा. मौसम विभाग के विशेष बुलेटिन के अनुसार, रांची को येलो जोन में रखा गया है और भारी बारिश की आशंका है.
ऐसे में विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने यह निर्णय लिया है. यदि किसी स्कूल में अनिवार्य परीक्षा निर्धारित है, तो उसके संचालन के संबंध में स्कूल अपने स्तर से निर्णय ले सकेंगे.
रांची में 18 मिमी, जमशेदपुर में 65 मिमी बारिश
लगातार बारिश और तेज हवा से लोगों की परेशानी बढ़ गयी है. शुक्रवार को रांची में रुक-रुक कर 18 मिमी बारिश हुई, जबकि सबसे अधिक जमशेदपुर में 65 मिमी बारिश हुई है. मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया है कि बंगाल में निम्न दबाव वाला क्षेत्र बना है. वहीं चक्रवाती हवाओं का एक घेरा जो उत्तरी छत्तीसगढ़ व मध्य प्रदेश की सीमा के पास केंद्रित था, उसका झारखंड पर गहरा असर पड़ा है.
ये भी पढ़ें: गेतलसूद डैम का बढ़ा जलस्तर, शनिवार सुबह खोले गए दो रेडियल गेट; तटवर्ती इलाकों में अलर्ट
शनिवार को इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
शनिवार को पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में भारी बारिश की चेतावनी दी गयी है. वहीं राजधानी सहित कई इलाकों में सुबह में बारिश और तेज हवा चलने से परेशानी बढ़ेगी, लेकिन दोपहर के बाद से बारिश व तेज हवा में कमी आने से लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है. लेकिन 27 सितंबर यानी रविवार से मौसम साफ होने की उम्मीद है.
झारखंड में अब भी सामान्य से तीन फ़ीसदी कम बारिश
मॉनसून की अवधि में एक जून से 25 सितंबर तक झारखंड में अब भी सामान्य से तीन फ़ीसदी कम बारिश हुई है. सामान्य रूप से इस अवधि में 992 मिमी बारिश है, लेकिन अब तक यहां 962.6 मिमी बारिश हुई है. वहीं रांची में 15 फ़ीसदी अधिक बारिश हो गयी है. पलामू, गढ़वा, चतरा, पाकुड़, देवघर, गुमला, कोडरमा, साहिबगंज, हजारीबाग आदि जिलों में अभी भी सामान्य से काफ़ी कम बारिश दर्ज की गयी है.
ये भी पढ़ें: पाटन: बारिश से किसानों के चेहरे पर लौटी रौनक, तेज हवाओं ने बढ़ायी चिंता
The post 72 घंटे से लगातार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, कई जगह पेड़-पोल गिरे; आज से राहत की उम्मीद appeared first on Naya Vichar.

