नया विचार न्यूज़ रोसड़ा /समस्तीपुर- विभूतिपुर पुरब पंचायत के वार्ड संख्या 12 नरहन गांव में बीते रविवार को हुई दर्दनाक घटना से पूरा इलाका गमगीन है। यहां एक ही परिवार के तीन लोगों की विद्युत स्पर्शघात से मौत हो गई थी। मृतकों की पहचान 65 वर्षीय शांति देवी, उनके 40 वर्षीय पुत्र अरुण राम और 16 वर्षीय पौत्र अजीत कुमार के रूप में की गई थी।
घटना के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया के माध्यम से शोक संवेदना व्यक्त की थी। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी सहानुभूति जताते हुए आश्रितों को शीघ्र प्रशासनी सहायता राशि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर मंगलवार को मृतकों के आश्रितों को मुआवजा राशि प्रदान की गई। विद्युत विभाग द्वारा प्रीत परिवार के लोगों को मुआवजा राशि दी गई है।विद्युत कार्यपालक अभियंता रोसड़ा शिवम कुमार ने बताया कि विभाग द्वारा जारी निर्देश के तहत पीड़ित परिजनों रामाशीष राम, अनिल राम और रिंकू देवी को चार-चार लाख रुपये का चेक सौंपा। कुल मिलाकर परिवार को बारह लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई गई।
इस दौरान विद्युत विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मी भी मौजूद रहे। चेक प्राप्त करते समय परिजनों की आंखें नम थीं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह घटना विभागीय लापरवाही का परिणाम है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।