नया विचार सरायरंजन : प्रखंड के मध्य विद्यालय गंगापुर में शुक्रवार को सुपोषण में श्रीअन्न की उपयोगिता विषयक कार्यशाला आयोजित हुई। कार्यशाला को संबोधित करते हुए विशिष्ट वक्ता पोषण आहार विपणन निदेशक ऋषि कुमार पटेल ने श्रीअन्न की उपयोगिता पर बृहत चर्चा की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान मोटे अनाजों यानी मिलेट्स का हब है। श्रीअन्न के अंतर्गत मुख्य रूप से ज्वार, बाजरा,रागी, सांवा, कंगनी, चीना, कोटो,कुटकी और कुट्टू के दानों को शामिल किया जाता है। वहीं विद्यालय के प्रधानाध्यापक अखिलेश ठाकुर ने मोटे अनाजों को भोजन में शामिल करने,पोषक तत्वों की कमी से होने वाली बीमारियों एवं ग्लूटेन प्रोटीन की महत्ता पर प्रकाश डाला। कार्यशाला में विद्यालय बाल संसद,मीना मंच, यूथ क्लब एवं इको क्लब के छात्र-छात्राओं ने बढ़कर सहभागिता निभाई। मौके पर राज कुमार, संजीत कुमार, नूतन कुमारी, ज्योति कुमारी, रुबी कुमारी, अंबिका कुमारी आदि शिक्षक– शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

