नया विचार समस्तीपुर- समस्तीपुर जिले के सदर अस्पताल स्थित एसएनसीयू हॉल में 9 से 14 वर्ष की बच्चियों के लिए सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन का टीकाकरण किया गया। इस अभियान की शुरुआत सिविल सर्जन डॉ. एसके चौधरी ने की। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले में 600 डोज एचपीवी वैक्सीन उपलब्ध कराई गई है, जिसमें से शुक्रवार को हसनपुर कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं को टीका लगाया गया। कार्यक्रम के दौरान डीआईयू डॉ. विशाल कुमार, सदर अस्पताल के डीएस डॉ. गिरीश कुमार, चंदन राय सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। सर्वाइकल कैंसर से बचाव में एचपीवी वैक्सीन का महत्व बताते हुए सिविल सर्जन डॉ एसके चौधरी ने कहा कि एचपीवी संक्रमण स्त्रीओं में सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है। इस वैक्सीन के जरिए शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित होती है, जिससे संक्रमण और कैंसर का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग जिले में सुनियोजित तरीके से इस अभियान को आगे बढ़ाने जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक बच्चियों को इस घातक बीमारी से सुरक्षित किया जा सके।