नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : मुसरीघरारी चौक पर पिछले कई महीनों से एक गहरा और खतरनाक गड्ढा बना हुआ है। चौक के बीचों-बीच बने इस गड्ढे के कारण चौक से गुजरने वाले वाहन चालकों को हर वक्त दुर्घटना का खतरा बना रहता है। राहगीरों का कहना है कि खासकर रात के समय और बरसात के दिनों में यह गड्ढा और भी खतरनाक हो जाता है, जिससे वाहन पलटने की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने बताया कि कई बार नगर पंचायत और प्रशासन को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। चौक पर लगातार जाम की स्थिति भी इसी गड्ढे की वजह से बनती है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि मुसरीघरारी चौक एक प्रमुख मार्ग है जहां से रोज़ाना हज़ारों वाहन गुजरते हैं। ऐसे में इस गड्ढे की वजह से कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। लोगों ने जिला प्रशासन और नगर पंचायत से अपील की है कि इस गड्ढे की मरम्मत तत्काल कराई जाए ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

