चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
प्रतिनिधि, इमामगंज. इमामगंज पुलिस ने मोहनपुर गांव के टोला सेवा नगर के नजदीक निजी आहर से एक युवक का शव बरामद किया है. उसकी पहचान मोहन गांव के टोले बंधा के रहने वाले 35 वर्षीय विकास हिंदुस्तानी के रूप में की गयी है. इस घटना के संबंध में मृतक के पुत्र सुमित कुमार ने बताया कि उनके पिता रविवार की शाम चार बजे से घर से गायब थे. उसके देर शाम तक घर नहीं लौटने पर आसपास के गांव व सगे-संबंधियों के घर पता करने लगे, परंतु कोई सुराग नहीं मिला. सोमवार की सुबह ग्रामीणों से यह जानकारी हुई कि सेवा नगर के नजदीक एक आहर में एक शव तैर रहा है. इसी सूचना पर जब हमलोग घटनास्थल पर पहुंचे, तो शव मेरे पिता विकास हिंदुस्तानी का था. इसकी सूचना पुलिस को दी गयी. इधर, इस घटना की सूचना मिलते ही इमामगंज पुलिस अपने दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और छानबीन कर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल भेज दिया. इस संबंध में थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि मृतक की पत्नी रेखा देवी ने आवेदन दिया है, जिसमें बताया गया है कि तालाब में डूबने से मेरे पति विकास हिंदुस्तानी की मौत हो गयी है. पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है. परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
इधर, ग्रामीणों ने बताया कि मृतक के तीन पुत्र व एक पुत्री है. मृतक के मां-पिता की पूर्व में ही मौत हो गयी है. वह मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था. उसकी मौत होने के बाद परिवार का भरण-पोषण करने वाला कोई भी नहीं बचा है. सभी शिशु अभी छोटे हैं. इस घटना से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल बना हुआ है.
डिस्क्लेमर: यह नया विचार समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे नया विचार डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
The post तालाब में डूबने से युवक की मौत appeared first on Naya Vichar.