नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : घटहो थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव के समीप घटहो-कांचा मुख्य मार्ग पर सोमवार की सुबह पिकअप की ठोकर से एक बच्ची की घटनास्थल पर मौ’त हो गई। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने घटहो-कांचा मुख्य मार्ग को शव के साथ जाम कर दिया। मृतका की पहचान बहादुरपुर गांव निवासी मो. सज्जाद की पुत्री माहिरा प्रवीण (7) के रूप में की गई है। घटना के संबंध में मृतका के स्वजनों ने बताया कि उक्त बच्ची दुकान से सामान लेकर वापस घर आ रही थी। इसी दौरान घटहो की ओर से एक तेज रफ्तार में पिकअप कांचा की ओर जा रहा था। इसी दौरान सड़क पार करने के क्रम में पिकअप की चपेट में बच्ची आ गई। जिससे उसकी मौत घटनास्थल पर हो गई। घटना के बाद पिकअप चालक पिकअप को छोड़कर घटनास्थल पर से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई। उसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतका के शव को सड़क पर रखकर जाम कर दिया। वहीं मृतक के स्वजन को उचित मुआवजा दिलाने की प्रशासन से मांग कर रहे थे। वहीं घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही घटहो थानाध्यक्ष रजनीश रंजन पुलिस बलों के साथ मौके पर पहुंचकर स्थानीय समाजसेवियों के सहयोग से आक्रोशित लोगों को समझा बूझाकर शांत कराया और उन्हें उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। तब जाकर करीब 1 घंटे बाद जाम समाप्त हुआ। उसके बाद मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया गया। वहीं थानाध्यक्ष रजनीश रंजन ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को जब्त कर लिया गया है। अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। गाड़ी का नंबर बीआर- 33-जीए -1771 बताया गया है। चालक फरार है। वहीं घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था।

