बेतला़ नववर्ष 2026 के पहले दिन का स्वागत पूरे क्षेत्र में हर्षोल्लास और जश्न के साथ किया गया. गुरुवार सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गयीं, जहां लोगों ने पूजा-अर्चना कर नये साल की सुखद शुरुआत की. इसके पश्चात मित्रों और रिश्तेदारों के साथ पिकनिक मनाने का सिलसिला शुरू हुआ, जो देर शाम तक चलता रहा. विशेषकर बच्चों और स्त्रीओं में नये साल को लेकर अभूतपूर्व उत्साह नजर आया. पर्यटन स्थलों पर तिल रखने की जगह नहीं : नववर्ष के पहले दिन बेतला नेशनल पार्क सहित आसपास के सभी पर्यटन स्थल पर्यटकों से गुलजार रहे. केचकी स्थित औरंगा-कोयल नदी का संगम स्थल आकर्षण का केंद्र बना रहा, जहां भीड़ का आलम यह था कि लोगों को बैठने तक के लिए मशक्कत करनी पड़ी. इसके अतिरिक्त पलामू किला, कमलदह झील, असुर बांध और नदियों के तट पिकनिक मनाने वालों से पटे रहे. क्षेत्र के सभी रेस्ट हाउस और होटल सैलानियों से पूरी तरह भरे नजर आये. प्रशासन और वन विभाग की रही पैनी नजर : भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखने के लिए पीटीआर प्रशासन और पुलिस ने कड़े इंतजाम किये थे. बेतला नेशनल पार्क के रेंजर उमेश कुमार दुबे के निर्देश पर वन विभाग की टीमें चप्पे-चप्पे पर तैनात रहीं. वहीं, बरवाडीह थाना प्रभारी अनुराग कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने सघन वाहन जांच अभियान चलाया. विशेष गश्ती दल की सक्रियता के कारण अत्यधिक भीड़ के बावजूद क्षेत्र में स्थिति शांतिपूर्ण रही और कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली.
डिस्क्लेमर: यह नया विचार समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे नया विचार डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
The post बेतला में नववर्ष का उल्लास : संगम स्थल और नेशनल पार्क में उमड़ा सैलानियों का रेला appeared first on Naya Vichar.