Delhi Riots Case :करीब पांच साल से अधिक समय से जेल में बंद छात्र नेता उमर खालिद और शरजील इमाम की रिहाई पर फैसला सोमवार को यानी आज आएगा. सुप्रीम कोर्ट 2020 के दिल्ली दंगों से जुड़े कथित “बड़ी साजिश” मामले में उनकी जमानत याचिकाओं पर फैसला सुनाएगा. इसी मामले में आरोपित पांच अन्य लोगों की जमानत पर भी अदालत अपना निर्णय देगी. न्यायमूर्ति अरविंद कुमार और एनवी अंजारिया की पीठ ने पिछले साल 10 दिसंबर को आरोपियों और दिल्ली पुलिस की दलीलें सुनने के बाद अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था. दिल्ली पुलिस ने उनकी रिहाई का विरोध करते हुए गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम यानी यूएपीए का हवाला दिया है.
सुप्रीम कोर्ट ने पिछले साल 10 दिसंबर को दिल्ली पुलिस की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता और अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू जबकि आरोपियों की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल, अभिषेक सिंघवी, सिद्धार्थ दवे, सलमान खुर्शीद और सिद्धार्थ लूथरा की दलीलें सुनने के बाद आरोपियों की जमानत याचिकाओं पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था.
दंगों का “मुख्य साजिशकर्ता” होने का आरोप
उमर, शरजील और अन्य पर फरवरी 2020 में उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुए दंगों का “मुख्य साजिशकर्ता” होने का आरोप है. उनके खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) और हिंदुस्तानीय न्याय संहिता (आईपीसी) के विभिन्न प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया था.
यह भी पढ़ें : न्यूयॉर्क के पहले मुस्लिम मेयर को हुई उमर खालिद की चिंता, जोहरान ममदानी ने हाथ से लिखा पत्र, जानें क्या कहा?
दिल्ली हाई कोर्ट ने जमानत देने से किया था इनकार
उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुए दंगों में 53 लोग मारे गए थे और 700 से अधिक लोग घायल हुए थे. क्षेत्र में नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) के खिलाफ व्यापक विरोध-प्रदर्शनों के दौरान हिंसा भड़क उठी थी. दिल्ली हाई कोर्ट ने दंगों की साजिश से जुड़े मामले में उमर सहित अन्य आरोपियों को जमानत देने से दो सितंबर को इनकार कर दिया था. इसके बाद आरोपियों ने उक्त फैसले के खिलाफ शीर्ष अदालत का रुख किया था.
The post Delhi Riots Case : क्या उमर खालिद और शरजील इमाम को मिलेगी जमानत? सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला आज appeared first on Naya Vichar.

