Indian Railways News: झारखंड के जमशेदपुर में टाटानगर रेलवे स्टेशन और आदित्यपुर स्टेशन के लिए पांच फरवरी का दिन काफी महत्वपूर्ण होने जा रहा है. वर्षों से टाटानगर रेलवे स्टेशन से संचालित होने वाली चार जोड़ी यानी आठ एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन अब आदित्यपुर रेलवे स्टेशन से किया जाएगा. रेलवे बोर्ड के निर्देश पर दक्षिण पूर्व रेलवे ने यह बड़ा फैसला लिया है, जिससे टाटानगर स्टेशन पर बढ़ते यात्री दबाव को कम किया जा सके.
टाटानगर से आदित्यपुर किया गया टर्मिनल स्थान परिवर्तन
दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेलमंडल के अंतर्गत आने वाली चार जोड़ी एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों के टर्मिनल में बदलाव किया गया है. अब इन ट्रेनों का अंतिम पड़ाव टाटानगर के बजाय आदित्यपुर स्टेशन होगा. इसका मतलब यह है कि ये ट्रेनें अब आदित्यपुर से ही खुलेंगी और वहीं समाप्त होंगी. यह आदेश 5 फरवरी गुरुवार से प्रभावी हो जाएगा.
सुवर्णरेखा एक्सप्रेस और हटिया पैसेंजर का टर्मिनल बदला
गुरुवार से धनबाद-टाटानगर सुवर्णरेखा एक्सप्रेस और हटिया-टाटानगर पैसेंजर ट्रेन का अंतिम पड़ाव आदित्यपुर स्टेशन कर दिया गया है. इसी तरह, टाटानगर-धनबाद सुवर्णरेखा एक्सप्रेस और टाटानगर-हटिया पैसेंजर भी अब आदित्यपुर से संचालित होंगी. इससे टाटानगर स्टेशन पर प्लेटफार्म और ट्रैक पर पड़ने वाला अतिरिक्त दबाव कम होगा.
यात्रियों को नहीं होगी परेशानी, दूरी बेहद कम
रेलवे प्रशासन के अनुसार टाटानगर और आदित्यपुर स्टेशन के बीच की दूरी बेहद कम है. ऐसे में यात्रियों को आदित्यपुर से ट्रेन पकड़ने में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी. इसके उलट, यात्रियों को अप्रत्याशित भीड़ से राहत मिलेगी. रेलवे का मानना है कि आदित्यपुर से ट्रेनों का परिचालन शुरू होने से टाटानगर स्टेशन पर ट्रैफिक नियंत्रण बेहतर होगा.
टाटानगर स्टेशन पर दबाव होगा कम
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि टाटानगर स्टेशन पर लगातार बढ़ रही ट्रेनों और यात्रियों की संख्या के कारण परिचालन व्यवस्था पर असर पड़ रहा था. आदित्यपुर स्टेशन को टर्मिनल बनाकर ट्रेनों के संचालन से टाटानगर स्टेशन पर प्लेटफार्म, सिग्नल और ट्रैक से जुड़ी समस्याओं में काफी हद तक सुधार आएगा. इससे ट्रेनों के समय पर परिचालन में भी मदद मिलेगी.
डीआरएम के मार्गदर्शन में पूरे हुए विकास कार्य
रेलवे के अनुसार डीआरएम तरुण हुरिया के मार्गदर्शन में आदित्यपुर स्टेशन पर जरूरी संरक्षा और यात्री सुविधाओं से जुड़े विकास कार्य पूरे कर लिए गए हैं. संरक्षा अधिकारियों और विभिन्न विभागों के प्रमुखों के विशेषज्ञ नेतृत्व में प्लेटफार्म, सर्कुलेटिंग एरिया और यात्री सुविधा से जुड़े कार्यों को अंतिम रूप दिया गया है, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो.
आदित्यपुर स्टेशन से चलने वाली ट्रेनों की समय-सारिणी जारी
दक्षिण पूर्व रेलवे के उपमुख्य परिचालन प्रबंधक (यात्री परिवहन) श्रीनिवास सामंत ने टाटानगर से आदित्यपुर टर्मिनल परिवर्तन की जानकारी देते हुए ट्रेनों की समय-सारिणी भी जारी की है. उन्होंने बताया कि चरणबद्ध तरीके से अन्य ट्रेनों के टर्मिनल में भी बदलाव पर विचार किया जा सकता है.
आदित्यपुर से संचालित होने वाली ट्रेनें और समय
- धनबाद-टाटानगर सुवर्णरेखा एक्सप्रेस (13301) 5 फरवरी से दोपहर 12.05 बजे.
- टाटानगर-धनबाद सुवर्णरेखा एक्सप्रेस (13302) 5 फरवरी से शाम 3.35 बजे.
- हटिया-टाटानगर पैसेंजर (68036) 5 फरवरी से रात 11.35 बजे.
- टाटानगर-हटिया पैसेंजर (68035) 5 फरवरी से सुबह 6.35 बजे.
- आसनसोल-टाटानगर एक्सप्रेस (13512) 6 फरवरी से दोपहर 12.50 बजे.
- टाटानगर-आसनसोल एक्सप्रेस (13511) 6 फरवरी से दोपहर 1.25 बजे.
- विशाखापत्तनम-टाटानगर साप्ताहिक एक्सप्रेस (20816) 29 मार्च से सुबह 6.35 बजे.
- टाटानगर-विशाखापत्तनम साप्ताहिक एक्सप्रेस (20815) 30 मार्च से सुबह 7.30 बजे.
इसे भी पढ़ें: बोकारो के बड़कीपुन्नू में हाथियों का आतंक, तीन बुजुर्गों की मौत
रेल परिचालन में सुधार की दिशा में बड़ा कदम
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह फैसला यात्री सुविधा और परिचालन सुधार की दिशा में बड़ा कदम है. आदित्यपुर स्टेशन को टर्मिनल बनाने से न सिर्फ टाटानगर स्टेशन पर दबाव कम होगा, बल्कि पूरे चक्रधरपुर रेलमंडल की ट्रैफिक व्यवस्था अधिक सुचारू हो सकेगी.
इसे भी पढ़ें: गुरुजी के इर्द-गिर्द घूमता रहा झामुमो स्थापना दिवस, आधी आबादी बनी ताकत
The post जमशेदपुर के आदित्यपुर स्टेशन से खुलेंगी आठ एक्सप्रेस ट्रेनें, आज से शुरुआत appeared first on Naya Vichar.
