Bihar Politics: बिहार विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन सदन का माहौल गरमा गया. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली. राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सीधे-सीधे तेजस्वी यादव को निशाने पर ले लिया. उन्होंने कड़े शब्दों में फटकार लगाई.
नीतीश कुमार ने तेजस्वी से कहा, “चुपचाप बैठकर मेरी बातें सुनो. 6 विधायकों को खींचने के लिए पैसे कहां से लाए थे. गड़बड़ करते थे, उसी का पैसा था. गड़बड़ करते थे, इसलिए तुम लोगों को छोड़ दिए.” मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद सदन में हलचल मच गई.
सीएम नीतीश ने तेजस्वी को डांटा
नीतीश की बात सुनकर तेजस्वी यादव मुस्कुराते नजर आए और उन्होंने कहा, “कुछ भी बोलिएगा.” इस पर मुख्यमंत्री और ज्यादा सख्त हो गए. उन्होंने तेजस्वी को डांटते हुए बैठने को कहा. जब तेजस्वी फिर कुछ बोलने की कोशिश करने लगे तो नीतीश कुमार ने कहा, “अरे बैठो. तुम बच्चा न है जी. हम तुम्हारे बाप के समय के हैं. हम तुमको मानते हैं. तुमको बनाए हैं.”
मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद सत्ता पक्ष के विधायक मेज थपथपाते दिखे, जबकि विपक्ष की तरफ से विरोध के स्वर भी उठे. सदन में कुछ देर तक शोर-शराबे की स्थिति बनी रही.
तेजस्वी बोले- प्रशासन की नींद बेटियों की चीख से भी नहीं टूटती
इससे पहले राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान तेजस्वी यादव ने प्रशासन पर तीखा हमला बोला था. उन्होंने कहा था कि प्रशासन की दो पहचान हैं- झूठी वाहवाही और पूरी लापरवाही. उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन की नींद बेटियों की चीख से भी नहीं टूटती.
तेजस्वी यादव ने सदन में अपराध के आंकड़े पढ़ते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाया और कहा कि भाजपाइयों ने लोकतंत्र को “गन तंत्र” बना दिया है. पैर में चोट के कारण तेजस्वी यादव परेशान दिखे और उन्होंने स्पीकर से बैठकर बोलने की अनुमति ली.
Also Read: सदन में अपराध पर गरजे तेजस्वी यादव, बोले- थाना खामोश है, प्रशासन बेहोश है, प्रशासन मदहोश है
The post ‘तुम बच्चा न है जी, चुपचाप बैठो…’, तेजस्वी से सीएम नीतीश बोले- हम तुम्हारे बाप के समय के हैं appeared first on Naya Vichar.
