Hot News

Aurangabad News : सूर्य नगरी में 12 जोड़े बंधे वैवाहिक बंधन में

देव. हर बेटी का सपना होता है. सम्मान के साथ विदाई, सिर पर पिता का हाथ और आंखों में सुरक्षित भविष्य की चमक, लेकिन जब गरीबी इन सपनों के बीच दीवार बनकर खड़ी हो जायेे, तब समाज का आगे आना ही सबसे बड़ा सहारा बनता है. इसी सोच को सार्थक करते हुए सूर्य नगरी देव में श्री सूर्य नारायण रथ यात्रा सह कलश यात्रा के उपलक्ष्य में तृतीय आदर्श सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन शुक्रवार को किया गया. स्वयंसेवी संगठन देव पर्यटन विकास केंद्र के तत्वावधान में शुक्रवार को 12 जोड़ों (वर-वधुओं) का निःशुल्क विवाह कराया गया. इस सामूहिक निःशुल्क विवाह में साक्षी के रूप में देव सहित आसपास के क्षेत्रों के हजारों लोग मौजूद रहे. देव नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड एक थाना के समीप रामलीला मैदान में जहां समाज ने मायका बनकर बारह बेटियों को विदा किया. वहीं रानी तालाब रामलीला मैदान में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में देव पर्यटन विकास केंद्र ने उन बेटे व बेटियों की जिम्मेदारी उठाई, जिनके लिए विवाह एक बोझ बन चुका था. दहेज जैसी कुरीतियों से ऊपर उठकर जब समाज ने हाथ बढ़ाया, तो विवाह केवल रस्म नहीं रहा, बल्कि सम्मान और बराबरी का संदेश बन गया. सेहराबांधे दूल्हे, बैंड-बाजे की धुन, मंगल गीतों की गूंज—हर वह दृश्य मौजूद था जो किसी संपन्न परिवार के विवाह में होता है, लेकिन सबसे सुंदर दृश्य था बेटियों की आंखों में झलकता भरोसा. वैदिक मंत्रों के बीच सात फेरे लेते हुए उन्होंने केवल जीवनसाथी नहीं पाया, बल्कि समाज की स्वीकृति और सुरक्षा भी पाई. विदाई के समय मां की साड़ी से बंधी हथेलियां और पिता की नम आंखें यह कह रही थीं कि बेटी अकेली नहीं है. वहां मौजूद हर स्त्री की आंखें नम थीं, क्योंकि यह पीड़ा भी साझा थी और खुशी भी. नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी का पूरा सामान देकर देव पर्यटन विकास केंद्र ट्रस्ट ने तीसरे बार यह साबित किया कि सशक्तिकरण केवल शब्द नहीं, जिम्मेदारी है.

वर-वधुओं को दिया गया आभूषण व बर्तन, पलंग

कार्यक्रम में देव एवं इसके आसपास के क्षेत्रों के हजारों लोग शामिल हुए और वर-वधुओं को आशीर्वाद दिया. वहीं, सैकड़ों की संख्या में लोगों ने वर-वधुओ को अपनी-अपनी तरह से अलग-अलग तरह की सामग्री प्रदान की. वहीं, देव पर्यटन विकास केंद्र की तरफ से सभी 12 जोड़ी वर-वधुओं को पलंग, बर्तन सेट, ट्रंक, सिलाई मशीन, वस्त्र, आभूषण, सहित अन्य सामग्री प्रदान की गयी. देव सूर्य मंदिर के ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ सामूहिक विवाह कराया गया. इस दौरान वर-वधुओं ने पूरा जीवन साथ निभाने का वचन एक दूसरे को दिया. सामूहिक विवाह समारोहों में गायिका नेहा सिंह निष्ठा, प्रवीण सिंह, छोटे बाबा और छोटू छलिया टू ने पारंपरिक व मनोरंजक गीतों के साथ छठ गीत तथा होली गीत के माध्यम से माहौल को जीवंत बनाया. इन कलाकारों ने दूल्हा गारी लगन गीत और अन्य लोकगीत गाकर शादियों में रंग भर दिया.

इन वर-वधू की हुई शादी

मदनपुर चांद बिगहा निमा आजन निवासी राजेश कुमार की शादी मदनपुर डुमरी की बबीता कुमारी के साथ, सहेब बिगहा निवासी सन्तु कुमार की शादी दानी बिगहा औरंगाबाद की बसंती कुमारी के साथ, झारखंड के लातेहार जिले के सरायडीह केचकी निवासी मुकेश कुमार की शादी मदनपुर बेलवा डुमरी की सोनम कुमारी के साथ, कुटुंबा बिशुनपुर निवासी सुदर्शन कुमार की शादी देव कुरका की आरती कुमारी के साथ हुई. गया जिले के आमस मझौलिया निवासी आदित्य नारायण की शादी मदनपुर सिंघवा की आरती कुमारी, गया जिला के जोगिया नगमा निवासी जितेंद्र कुमार की शादी चेई नवादा की सुमित्रा कुमारी के साथ हुई. झारखंड के पलामू जिला के नामुदाग बलरा निवासी रविंद्र कुमार की शादी झारखंड के छतरपुर सुशीगंज की अकुंतला कुमारी की साथ हुई. गया के बड़की डेल्हा निवासी सन्नी कुमार की शादी फेसर की अंजलि कुमारी, रोहतास के अर्जुन बिगहा निवासी मोहन कुमार की शादी अंबा के पातालगंगा निवासी ममता कुमारी, कुटुंबा कासिमपुर निवासी चंदन कुमार कि शादी अंबा सिमरी निवासी जूही कुमारी की साथ हुई. बोधगया मोचारिम टोला श्रीपुर निवासी सुभाष कुमार की शादी मदनपुर डूमरी बेलवा निवासी प्रियंका कुमारी, देव केताकी निवासी मृत्युंजय कुमार की शादी गुरारू निवासी आशा कुमारी के साथ हुई.

इन लोगों की रही उपस्थिति

कार्यक्रम में श्री भागवत प्रसाद सिंह मेमोरियल कॉलेज के डायरेक्टर अभय कुमार सिंह, नगर उपाध्यक्ष गोलू गुप्ता, समाजसेवी लक्ष्मण गुप्ता, शक्ति मिश्रा, ट्रस्ट के अध्यक्ष उदय कुमार सिंह, सचिव अभिनेश कुमार सिंह,वार्ड पार्षद सीटू सिंह, वार्ड पार्षद प्रवीण सिंह, उप सचिव दीपक गुप्ता, कोषाध्यक्ष रणधीर चंद्रवंशी, रंजन राय, तरुण कुमार, उमा सिंह, डॉ रामरतन सिंह, कंचन देव, मनोज सिंह, अमरेश राणा, गौतम कुमार, चंदन सिंह, महेश पाल, दिलीप प्रसाद, मनोज चौरसिया, उमाकांत सिंह, बिट्टू सिंह, कुमार विशाल, गौरव सिंह, गुलशन सिंह, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि रंजीत कुमार, शशि मालाकार आदि मौजूद थे.

The post Aurangabad News : सूर्य नगरी में 12 जोड़े बंधे वैवाहिक बंधन में appeared first on Naya Vichar.

Spread the love

विनोद झा
संपादक नया विचार

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top