Tiger Shroff Firing Case: मुंबई में फिल्म अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में बेगूसराय के ऋतिक उर्फ रोशन की गिरफ्तारी के बाद उसके पैतृक गांव बदलपुरा में भी चर्चा तेज है. सोशल मीडिया पर लग्जरी लाइफस्टाइल और फैशनेबल अंदाज दिखाने वाले ऋतिक को लेकर गांव के लोगों की जानकारी बिल्कुल अलग है. नया विचार की टीम जब मटिहानी प्रखंड के बदलपुरा गांव पहुंची, तो कई ग्रामीणों ने उसे पहचानने तक से इनकार कर दिया. ग्रामीणों के मुताबिक, ऋतिक के पिता रामू महतो वर्षों पहले गांव छोड़कर अपने ससुराल चले गये थे. ऐसे में गांव के अधिकतर लोगों का ऋतिक से कोई खास संपर्क नहीं रहा.
इंस्टाग्राम पर करीब सात हजार फॉलोअर्स, गांव में पहचान को लेकर सवाल
ऋतिक सोशल मीडिया पर ‘ऋतिक लाइफस्टाइल’ नाम से सक्रिय बताया जा रहा है. उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर करीब सात हजार फॉलोअर्स होने की जानकारी सामने आयी है. सोशल मीडिया पर उसकी तस्वीरें और लाइफस्टाइल चर्चा में हैं. वहीं, उसके पैतृक गांव में लोगों का कहना है कि वे उसे व्यक्तिगत रूप से नहीं जानते. ग्रामीणों के मुताबिक, वे उसके पिता रामू महतो को तो पहचानते हैं, लेकिन ऋतिक के बारे में उनके पास बहुत कम जानकारी है.
ग्रामीण बोले- वर्षों पहले गांव छोड़कर चला गया था परिवार
ग्रामीण रघुवीर सिंह ने बताया कि रामू महतो इसी गांव के रहने वाले थे. शादी के बाद वह अपने ससुराल पिपरा में जाकर बस गये. उन्होंने कहा कि परिवार के पास गांव में रहने के लिए जमीन कम थी. इसी वजह से परिवार ने दूसरी जगह बसने का फैसला किया. रघुवीर सिंह के मुताबिक, रामू महतो को गांव के लोग जानते हैं, लेकिन उनके बेटे ऋतिक को अधिकतर ग्रामीण पहचानते तक नहीं हैं.
वहीं, ग्रामीण मनोज कुमार सिंह ने बताया कि ऋतिक बचपन से ही अपनी नानी के घर रहता था और गांव में उसका रहना नहीं हुआ. नीलमणि सिंह ने भी कहा कि ऋतिक के पिता करीब 25 साल पहले गांव छोड़कर चले गये थे. हालांकि, परिवार के गांव छोड़ने के समय को लेकर ग्रामीणों के अलग-अलग दावे सामने आये हैं.
गांव के पांचवें वार्ड में था परिवार का घर
ग्रामीणों के मुताबिक, ऋतिक के परिवार का घर गांव के पांचवें वार्ड में था. समय के साथ परिवार के दूसरे स्थान पर बस जाने के बाद गांव से उसका संपर्क कम होता गया. ग्रामीणों ने बताया कि परिवार के कुछ पुराने रिश्ते गांव में अब भी हैं, लेकिन ऋतिक के जीवन और गतिविधियों के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है.
गिरफ्तारी की समाचार के बाद गांव में चर्चा
मुंबई में टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में ऋतिक की गिरफ्तारी की समाचार सामने आने के बाद बदलपुरा में भी लोग इस बारे में चर्चा कर रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि वे ऋतिक के संपर्क में नहीं रहे हैं और उसके बारे में बहुत कम जानते हैं. कुछ ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की और कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए.
फिलहाल, सोशल मीडिया पर ऋतिक की लाइफस्टाइल को लेकर हो रही चर्चा और उसके पैतृक गांव में लोगों की सीमित जानकारी के बीच अंतर साफ नजर आता है. मुंबई फायरिंग मामले में उसकी भूमिका और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा.
इसे भी पढ़ें: छठ पर मात्र 305 रुपये में पहुंचें दिल्ली से बिहार, जानें इस एक्सप्रेस ट्रेन के समय और रूट के बारे में
The post Watch Video: टाइगर श्रॉफ केस : ऋतिक के इंस्टा पर 7000 फॉलोवर, बेगूसराय में कोई पहचानता नहीं, Ground Report देखिए appeared first on Naya Vichar.