रजरप्पा से सुरेंद्र कुमार और शंकर पोद्दार की रिपोर्ट
Hemant Soren Rajarappa Visit: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शनिवार को अपने मैरिज एनिवर्सरी के मौके पर परिवार संग देश के प्रसिद्ध सिद्धपीठ रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिके मंदिर पहुंचे. इस पावन अवसर पर उनके साथ पत्नी सह गांडेय विधायक कल्पना सोरेन और बड़े पुत्र नितिन सोरेन भी उपस्थित थे. मुख्यमंत्री ने विधि-विधान के साथ मां छिन्नमस्तिके देवी की पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की. मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री दंपति ने श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ पूजा संपन्न की. पूजा के क्रम में उन्होंने नारियल बलि दी दी तथा मंदिर के पुजारियों द्वारा रक्षा सूत्र बंधवाया. पूजा-अर्चना के दौरान मुख्यमंत्री पूरी तरह भक्ति भाव में लीन नजर आए.
मैरिज एनिवर्सरी पर परिवार संग पूजा-अर्चना

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के रजरप्पा आगमन से मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की उत्सुकता बढ़ गयी और कई श्रद्धालुओं ने इस पावन क्षण को अपने मोबाइल कैमरे में कैद किया. पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि मां छिन्नमस्तिके मंदिर के प्रति देशभर के लोगों की विशेष आस्था है. यह स्थल आध्यात्मिक ऊर्जा और श्रद्धा का प्रमुख केंद्र है. आज हमलोग अपनी विवाह के वर्षगांठ के अवसर पर यहां मां का आशीर्वाद लेने आये हैं. उन्होंने कहा कि मां की कृपा से झारखंड निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़े और राज्य की जनता सुख-समृद्धि से परिपूर्ण रहे, यही प्रार्थना है.
सीएम को गार्ड ऑफ ऑनर, नेताओं ने किया स्वागत

मुख्यमंत्री के रजरप्पा आगमन पर जिला प्रशासन की ओर से भव्य स्वागत किया गया. रामगढ़ जिला पुलिस द्वारा मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. वहीं विधायक ममता देवी, झामुमो के रामगढ़ जिला संयोजक मंडली प्रमुख विनोद किस्कू, केंद्रीय सदस्य चित्रगुप्त महतो सहित झामुमो नेताओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्यमंत्री एवं उनकी पत्नी का अभिनंदन किया. मंदिर न्यास समिति के पुजारियों ने मुख्यमंत्री को मां छिन्नमस्तिके मंदिर का प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया. मंदिर के पुजारियों ने विधिवत मंत्रोच्चारण के साथ पूजा संपन्न करायी और मुख्यमंत्री सहित उनके परिवार को मां का आशीर्वाद प्रदान किया.
भक्तों को 30 मिनट पहले रोका गया

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा कारणों से प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाये. पूजा कार्यक्रम से लगभग 30 मिनट पूर्व ही आम श्रद्धालुओं को मुख्य मंदिर में प्रवेश से अस्थायी रूप से रोक दिया गया था. इसके कारण मंदिर परिसर के बाहर कुछ देर तक भक्तों की कतार लगी रही.
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर चितरपुर से लेकर रजरप्पा मंदिर तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल के जवान तैनात किये गये थे. मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गयी थी, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो.
इसे भी पढ़ें: एम्बुलेंस में डीजल नहीं, बरवाडीह में तड़पता रहा ब्रेन हेमरेज का मरीज
वीआईपी गेस्ट हाउस से रांची रवाना
पूजा-अर्चना के पश्चात मुख्यमंत्री सीसीएल रजरप्पा स्थित वीआईपी गेस्ट हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने कुछ देर विश्राम किया. इसके बाद मुख्यमंत्री परिवार सहित रांची के लिए रवाना हो गये. मुख्यमंत्री के आगमन से रजरप्पा क्षेत्र में दिनभर धार्मिक एवं प्रशासनिक गतिविधियां बनी रहीं और मंदिर परिसर भक्तिभाव से सराबोर नजर आया. मौके पर रामगढ़ उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज, पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, डीडीसी आशीष अग्रवाल सहित जिला प्रशासन के कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे और संपूर्ण व्यवस्था की निगरानी करते रहे.
इसे भी पढ़ें: पंडित नेहरू के कोट पर सजता था जमशेदपुर का गुलाब, आज रोजडे
The post रजरप्पा पहुंचे सीएम हेमंत सोरेन, बोले- मां छिन्नमस्तिके मंदिर में लोगों की विशेष आस्था appeared first on Naya Vichar.