Asha Bhosle Last Wish: हिंदुस्तानीय संगीत की दिग्गज गायिका आशा भोसले अब हमारे बीच नहीं रहीं. 92 साल की उम्र में 12 अप्रैल को मुंबई में उनका निधन हो गया. बताया जा रहा है कि थकावट और सीने में इन्फेक्शन के चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी हालत और बिगड़ गई और कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया. इसके बाद उन्होंने अंतिम सांस ली. उनके जाने से पूरे देश और फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है और फैंस उन्हें याद कर रहे हैं.
इस समय हर कोई उनके जीवन से जुड़ी खास बातों को जानना चाहता है. ऐसे में आइए आपको बताते हैं उनकी आखिरी इच्छा के बारे में, जिसे उन्होंने कुछ समय पहले एक इंटरव्यू में खुद शेयर किया था.
क्या थी उनकी आखिरी इच्छा?
एक्ट्रेस अमृता राव और आरजे अनमोल के होस्ट किए गए पॉडकास्ट कपल ऑफ थिंग्स में आशा भोसले ने अपनी आखिरी इच्छा के बारे में बात करते हुए कहा था, “मेरी खुद की इच्छा ऐसी है कि गाते-गाते ही मैं चली जाऊं. यही मेरी इच्छा है. अभी मुझे सीखने का कुछ नहीं है. गाना मेरी लाइफ है. बचपन से गाया है. 3 साल से क्लासिकल, बाबा का सिखाया. पूरी लाइफ उसमें चली गई है.”
उन्होंने आगे कहा था, “फिल्म लाइन में 82 साल हो गए हैं. अभी जाके ये इच्छा है कि गाते-गाते मेरा दम निकले. मुझे सबसे ज्यादा खुशी होगी कि मैं गाती जाऊं.”
अंतिम संस्कार की जानकारी
महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री आशीष शेलर ने ANI को बताया कि आशा भोसले का अंतिम संस्कार सोमवार, 13 अप्रैल को शाम 4 बजे मुंबई के शिवाजी पार्क में किया जाएगा. उनका पार्थिव शरीर सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक उनके लोअर परेल वाले घर पर रखा जाएगा, ताकि परिवार और करीबी लोग उन्हें आखिरी बार देख सकें और श्रद्धांजलि दे सकें.
यह भी पढ़ें: सिर्फ सिंगर ही नहीं, एक्ट्रेस भी थीं Asha Bhosle, जानें उनकी फिल्म की कहानी और कहां देखें
The post Asha Bhosle Last Wish: इस हालत में दुनिया छोड़ना चाहती थीं आशा भोसले, जानकर पसीज जाएगा दिल appeared first on Naya Vichar.

