Hot News

ट्रंप ने ईरान को दी आखिरी चेतावनी, कहा- डील नहीं तो तबाही, कल इस्लामाबाद पहुंचेगी अमेरिकी टीम

US Iran Conflict: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान को कड़ी चेतावनी दी है. ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया ट्रुथ सोशल पर कहा कि ईरान को समझौता करना ही होगा. उन्होंने रविवार को कहा कि अमेरिकी डेलिगेशन सोमवार को ईरान के साथ बातचीत के लिए पाकिस्तान पहुंचने वाला है. ट्रंप ने अपने पोस्ट में ईरान पर संघर्षविराम समझौते को तोड़ने का आरोप लगाया. उन्होंने लिखा- ईरान ने कल होर्मुज स्ट्रेट में गोलीबारी की जो हमारे युद्धविराम समझौते का साफ तौर पर उल्लंघन है. कई गोलियां एक फ्रांसीसी जहाज और यूनाइटेड किंगडम के एक मालवाहक जहाज को निशाना बनाकर चलाई गईं, यह बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है. ट्रंप ने धमकी दी कि अगर ईरान अमेरिका की ओर से प्रस्तावित समझौते को स्वीकार नहीं करता है तो वह ईरान पर जोरदार हमला करेंगे. ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ईरान के पावर प्लांट और पुल को नष्ट कर देगा.

अमेरिकी राष्ट्रपति ने एक साथ की दो बातें!

अमेरिकी राष्ट्रपति के रविवार को दिए गए एक ही बयान के दो अलग-अलग रुख सामने आए हैं. एक ओर उन्होंने ईरान के पावर प्लांट और पुल को उड़ाने की बात कही है तो दूसरी ओर पाकिस्तान में होने वाली अगले दौर की वार्ता के लिए एक उचित और तर्कसंगत समझौते का प्रस्ताव भी रखा है. उन्होंने लिखा- मेरे प्रतिनिधि इस्लामाबाद जा रहे हैं और वे कल शाम वहां बातचीत के लिए पहुंचेंगे. हाल ही में ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद करने की घोषणा की है, जो हैरान करने वाली बात है, क्योंकि हमारी नाकेबंदी पहले ही इसे प्रभावी रूप से बंद कर चुकी है. इस कदम से उन्हें ही नुकसान हो रहा है- करीब 500 मिलियन डॉलर प्रतिदिन.

ट्रंप ने कहा कि अमेरिका को इससे कोई नुकसान नहीं हो रहा है. कई जहाज अब अमेरिका के टेक्सास, लुइसियाना और अलास्का की ओर रुख कर रहे हैं ताकि वहां से माल लादा जा सके. हमने ईरान के सामने एक निष्पक्ष और उचित समझौता पेश किया है और उम्मीद है कि तेहरान इसे स्वीकार करेगा. लेकिन अगर ऐसा नहीं होता, तो संयुक्त राज्य अमेरिका कड़ा कदम उठाने के लिए तैयार है. अब किसी भी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी. अगर समझौता नहीं हुआ, तो आगे की कार्रवाई से पीछे नहीं हटेंगे. अब समय आ गया है कि इस स्थिति का निर्णायक समाधान निकाला जाए.

घुटने टेक देगा ईरान- ट्रंप

ट्रंप ने अपने ट्वीट में आगे कहा कि ईरान अमेरिका के सामने नहीं ठहर सकता है. वे बहुत तेजी से और बड़ी आसानी से घुटने टेक देंगे.अगर वे इस समझौते को नहीं मानते हैं, तो जो करना जरूरी है, और जो पिछले 47 सालों से दूसरे राष्ट्रपतियों ने ईरान के साथ नहीं किया उसे पूरा करना मेरे लिए गर्व की बात होगी. ट्रंप ने अपने ट्वीट के आखिर में यह भी कहा कि अब ईरान की इस हत्यारी मशीन (Killing Machine) को खत्म करने का समय आ गया है.

ईरान अमेरिका में हो चुकी है एक दौर की बातचीत

अमेरिका और ईरान के बीच एक दौर की बातचीत पहले ही हो चुकी है. 11 और 12 अप्रैल को अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस अपनी टीम के साथ आए थे. ईरान की तरफ से उनके दल का नेतृत्व संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाकर कालीबाफ कर रहे थे. ईरानी प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख सदस्यों में ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची, पाकिस्तान में ईरान के राजदूत रेजा अमीरी मोघद्दम शामिल थे. हालांकि वार्ता असफल रही, दोनों दल किसी समझौते पर नहीं पहुंच सके.

कल इस्लामाबाद पहुंचने वाला है अमेरिकी डेलिगेशन- ट्रंप

ट्रुथ सोशल पर राष्ट्रपति ट्रंप ने बताया कि ईरान के साथ वार्ता के लिए मेरे प्रतिनिधि कल शाम को इस्लामाबाद जा रहे हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति ने अमेरिकी टेलीविजन फॉक्स न्यूज से कहा- जेरेड कुशनर और स्टीव विटकॉफ पश्चिम एशिया की ओर रवाना हो रहे हैं. उनकी बैठक मंगलवार सुबह शुरू होगी. यह एक बहुत ही सरल समझौता है, वे इसके अधिकांश बिंदुओं पर सहमत हो गए हैं.

कब खत्म हो रहा है अमेरिका-ईरान सीजफायर?

अमेरिका और ईरान के बीच 28 फरवरी को युद्ध की शुरुआत हुई थी, जब अमेरिका और इजराइल ने ईरान पर हमला कर दिया था. करीब 40 दिन तक चले युद्ध के बाद आठ अप्रैल (8 April) को दोनों देशों के बीच दो सप्ताह (14 Days) का संघर्षविराम समझौते पर सहमति बनी. यह समझौता 22 अप्रैल को खत्म हो रहा है.

Also Read: अमेरिकी नाकाबंदी और ईरानी फायरिंग भी नहीं रोक पाई, कच्चा तेल लेकर हिंदुस्तान आ रहा ‘देश गरिमा’

परमाणु प्रतिबंधों पर भड़के ईरानी राष्ट्रपति, कहा– ट्रंप को किसने दिया बैन लगाने का हक?

The post ट्रंप ने ईरान को दी आखिरी चेतावनी, कहा- डील नहीं तो तबाही, कल इस्लामाबाद पहुंचेगी अमेरिकी टीम appeared first on Naya Vichar.

Spread the love

विनोद झा
संपादक नया विचार

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top