Hot News

पटना में बालू घाट लूटकांड का खुलासा, एक लाख का इनामी अपराधी ‘कल्लू’ समेत पांच गिरफ्तार

Patna Crime: (मोनु कुमार मिश्रा की रिपोर्ट) महुआर बालू घाट स्थित चालान कार्यालय में हुई लूट और फायरिंग की सनसनीखेज वारदात का पटना पुलिस ने पांच दिनों के भीतर खुलासा कर दिया है. इस मामले में पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने उनके कब्जे से एक देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा, सात जिंदा कारतूस, सात मोबाइल फोन, 20 हजार रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त महिंद्रा थार वाहन बरामद किया है.

1.80 लाख रुपये और मोबाइल फोन लूटकर हुए थे फरार

नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) कार्यालय से जारी जानकारी के अनुसार पांच जून की रात महुआर बालू घाट स्थित ब्रह्मचारी कंस्ट्रक्शन क्लस्टर-17बी के चालान कार्यालय पर 10 से 12 हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोल दिया था. अपराधियों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट की, फायरिंग कर दहशत फैलायी और करीब 1.80 लाख रुपये नकद तथा चार मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए थे. घटना में दो कर्मचारी घायल भी हुए थे.

बरामद मोबाइल फोन

एसआईटी गठन के बाद मिली सफलता

घटना के बाद बिहटा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई. नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दानापुर-2 के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया. तकनीकी अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और गुप्त सूचना के आधार पर पटना और भोजपुर जिले के विभिन्न इलाकों में छापेमारी की गई.

घटना की जानकारी देती पुलिस

भोजपुर के गिरोह ने दिया था वारदात को अंजाम

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान गिरोह के तीन मुख्य सदस्यों को गिरफ्तार किया. उनकी निशानदेही पर घटना में लाइनर की भूमिका निभाने वाले दो अन्य आरोपितों को भी दबोच लिया गया. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान निवासी बिहटा क्षेत्र के लई निवासी इंदल कुमार और सुमन कुमार उर्फ अमन राजवर्धन के रूप में हुई है. चांदी थाना क्षेत्र के निवासी पवन कुमार उर्फ ओमप्रकाश उर्फ लंगवा, आशीष कुमार उर्फ कल्लू, धीरज कुमार सिंह के रूप में हुई है.

लाइनर की भूमिका में थे इंदल और सुगन

पुलिस के अनुसार लंगवा और कल्लू ने अपने साथियों के साथ मिलकर लूटकांड को अंजाम दिया था. जबकि इंदल और सुगन ने लाइनर की भूमिका निभाते हुए अपराधियों को अंदरूनी सूचना उपलब्ध करायी थी.

एक लाख का इनामी अपराधी है कल्लू

गिरफ्तार आशीष कुमार उर्फ कल्लू पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ में गिरोह से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं. वारदात में शामिल अन्य अपराधियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

ऐसे दिया था वारदात को अंजाम

पांच जून की देर रात करीब डेढ़ बजे एक दर्जन के आसपास नकाबपोश अपराधी महुआर बालू घाट के चालान कार्यालय पहुंचे थे. हथियारों से लैस अपराधियों ने पहले फायरिंग कर दहशत फैलायी, फिर कार्यालय में घुसकर कर्मचारियों को कब्जे में ले लिया. मारपीट करने के बाद उन्होंने नकदी और मोबाइल फोन लूट लिए तथा फायरिंग करते हुए फरार हो गए.

बरामद सामान

  • एक देशी पिस्टल
  • एक देशी कट्टा
  • सात जिंदा कारतूस
  • सात मोबाइल फोन
  • 20 हजार रुपये नकद
  • एक महिंद्रा थार वाहन

कई थानों में दर्ज हैं गंभीर मामले

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों में शामिल कुछ अपराधियों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है. विशेष रूप से पवन कुमार उर्फ ओमप्रकाश उर्फ लंगवा और आशीष कुमार उर्फ कल्लू के खिलाफ भोजपुर और पटना जिले के विभिन्न थानों में लूट, रंगदारी, आर्म्स एक्ट, मारपीट तथा हत्या के प्रयास समेत कई संगीन मामले दर्ज हैं.

भोजपुर जिले के चांदी, कोईलवर और बड़हरा थाना क्षेत्रों सहित अन्य थानों में भी इनके विरुद्ध कई मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है. पुलिस इनके आपराधिक रिकॉर्ड का सत्यापन कर रही है.

छापेमारी दल में शामिल रहे अधिकारी

छापेमारी अभियान में बिहटा थानाध्यक्ष अमित कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक राज कुमार सिंह, रविंद्र कुमार ततमा, राज कुमार, मुक्ति नारायण सिंह, शाहनवाज तथा बिहटा थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.

Also Read: NIT पटना की श्रद्धा झा को मिला 41.37 लाख का पैकेज, कुल 550 छात्रों का अलग-अलग कंपनियों में हुआ चयन

The post पटना में बालू घाट लूटकांड का खुलासा, एक लाख का इनामी अपराधी ‘कल्लू’ समेत पांच गिरफ्तार appeared first on Naya Vichar.

Spread the love

विनोद झा
संपादक नया विचार

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top