रेल प्रशासन ने यात्रियों से वैध टिकट के साथ यात्रा करने की अपील की, अभियान आगे भी रहेगा जारी
नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर: समस्तीपुर मंडल द्वारा दिनांक 09.06.2026 को मंडल के विभिन्न महत्वपूर्ण रेलखंडों एवं स्टेशनों पर “सघन टिकट जांच अभियान” चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत मुजफ्फरपुर, बापूधाम मोतिहारी, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, जयनगर, दरभंगा, समस्तीपुर, सहरसा तथा पूर्णिया कोर्ट सहित विभिन्न प्रमुख स्टेशनों एवं रेलखंडों पर व्यापक टिकट जांच की गई। इस अभियान के दौरान कुल 6,770 बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों को पकड़ा गया तथा उनसे ₹55.50 लाख रुपये का जुर्माना एवं अतिरिक्त रेल राजस्व की प्रप्ति हुई| इस विशेष जांच अभियान में कुल 254 टिकट जांच कर्मियों (टीटीई) के साथ रेलवे सुरक्षा बल तथा वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया।
वित्तीय वर्ष 2026-27 के अप्रैल’26 से मई’ 26 तक में बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाने के उद्देश्य से नियमित टिकट जाँच के अलावे 81 किलाबंदी जाँच, 44 स्पॉट चेक, 16 मेगा चेक, 01 लाल गाड़ी चेक, 05 बस रेड तथा 05 मजिस्ट्रेट टिकट जाँच अभियान चलाये गये जिसके फलस्वरूप उपरोक्त अवधि l(अप्रैल’26 से मई’ 26) में कुल 1.86 लाख बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों को पकड़ा गया तथा उनसे ₹13.89 करोड़ रुपये का जुर्माना एवं अतिरिक्त किराया वसूला गया।
विदित हो कि बिना टिकट यात्रा न केवल रेलवे राजस्व को क्षति पहुँचाती है, बल्कि इसका प्रतिकूल प्रभाव रेलवे जैसी देश की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था एवं विकास कार्यों पर भी पड़ता है। रेलवे द्वारा अर्जित राजस्व का उपयोग यात्री सुविधाओं के विस्तार, सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने, ट्रेनों के परिचालन तथा आधारभूत संरचना के विकास में किया जाता है।
बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों के कारण ईमानदारीपूर्वक टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों को भी भीड़, असुविधा एवं सीट उपलब्धता जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।