मुसरीघरारी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक, यातायात व्यवस्था व सुविधाओं पर हुई चर्चा
नया विचार न्यूज़ सरायरंजन। मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने को लेकर शनिवार शाम उदापट्टी गांव स्थित मॉडल थाना मुसरीघरारी परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, मोहर्रम कमेटी के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों तथा दोनों समुदायों के गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों ने लोगों से आपसी सद्भाव बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की। साथ ही सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाले भ्रामक और फर्जी वीडियो से सावधान रहने तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देने की सलाह दी गई।
डीजे बजाने पर होगी कार्रवाई : एएसपी
बैठक को संबोधित करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) संजय कुमार पांडे ने कहा कि मोहर्रम पर्व शांति और अनुशासन का पर्व है। सभी लोग प्रशासन का सहयोग करें और आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाएं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर कई बार फर्जी वीडियो और भ्रामक संदेश प्रसारित किए जाते हैं। ऐसे संदेशों पर ध्यान देने के बजाय उसकी सूचना प्रशासन को दें।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रशासन के निर्देशानुसार डीजे और उच्च ध्वनि वाले साउंड सिस्टम पर प्रतिबंध है। यदि किसी वाहन या जुलूस में डीजे बजाते हुए पाया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अफवाहों से बचें, प्रशासन को दें सहयोग : एसडीओ
समस्तीपुर सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) दिलीप कुमार ने कहा कि मोहर्रम के दौरान सभी समुदायों के लोगों की जिम्मेदारी है कि वे शांति व्यवस्था बनाए रखें। किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद की स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना दें। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी : बीडीओ
सरायरंजन प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सुनील कुमार ने कहा कि पर्व के दौरान लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। स्थानीय स्तर पर आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है तथा संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं।
सुरक्षा व्यवस्था रहेगी चाक-चौबंद : सीओ
सरायरंजन अंचलाधिकारी (सीओ) निशांत कुमार ने कहा कि मोहर्रम के दौरान संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा ताकि श्रद्धालुओं और आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
नगर क्षेत्र में सफाई व रोशनी की होगी व्यवस्था : कार्यपालक पदाधिकारी
मुसरीघरारी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राकेश कुमार रंजन ने कहा कि मोहर्रम को देखते हुए नगर क्षेत्र में साफ-सफाई, पेयजल और रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। सड़क किनारे बाधा बनने वाली पेड़-पौधों की टहनियों की कटाई भी कराई जाएगी, जिससे जुलूस के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
यातायात व्यवस्था में रहेगा बदलाव : थाना अध्यक्ष
मुसरीघरारी थाना अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मोहर्रम के अवसर पर भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया गया है। 25 जून को सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक मुसरीघरारी चौक से वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। वहीं 26 जून को सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा शाम 4 बजे से 7:30 बजे तक चौक क्षेत्र में वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। इस दौरान खिलाड़ियों द्वारा पारंपरिक करतब प्रदर्शन और ताजिया मिलान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की जाएगी ताकि आम लोगों को असुविधा न हो।
कमेटी ने उठाई सुविधाओं की मांग
बैठक में मोहर्रम कमेटी के सदस्यों ने मुसरीघरारी चौक पर फल विक्रेताओं द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाने की मांग की। सदस्यों ने कहा कि मोहर्रम के दौरान यहां भारी भीड़ जुटती है, इसलिए चौक को अतिक्रमण मुक्त कराया जाना आवश्यक है।
इसके अलावा चलंत शौचालय, मेडिकल टीम की तैनाती, प्राथमिक उपचार की व्यवस्था, पेयजल, पर्याप्त रोशनी तथा सड़क किनारे लटक रही पेड़-पौधों की टहनियों की कटाई कराने की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी गई।
वक्ताओं ने कहा कि मुसरीघरारी क्षेत्र हिंदू-मुस्लिम एकता और सांप्रदायिक सौहार्द का प्रतीक रहा है। यहां दोनों समुदायों के लोग मिलकर मोहर्रम पर्व में भाग लेते हैं, जो सामाजिक समरसता का उत्कृष्ट उदाहरण है।
बैठक में मणि प्रसाद सिंह, कमलेंद्र प्रसाद सिंह, मोहम्मद खुर्शीद आलम, मोहम्मद साहबजान, मोहम्मद हकीम, नसीम अब्दुल्ला, राहुल झा, फलिंदर राम, प्रमोद कुमार महतो, विद्याकर झा, भोलानाथ सिंह, चंदन कुमार चौधरी, बिरजू कुमार चौधरी समेत मोहर्रम कमेटी के सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे।
