योग अपनाकर स्वस्थ, संतुलित एवं तनावमुक्त जीवन का लिया गया संकल्प
नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर -:अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर मंडल द्वारा मंडल के ललित कला केंद्र में विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के प्रेरणादायी संबोधन का सामूहिक अवलोकन किया तथा योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रशिक्षित योग गुरु द्वारा विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। मंडल रेल प्रबंधक श्री ज्योति प्रकाश मिश्रा के नेतृत्व में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में भाग लिया। कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री सन्नी सिन्हा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक श्री सुनील कुमार, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री विवेक कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि योग हिंदुस्तान की प्राचीन एवं अमूल्य विरासत है, जो शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने का प्रभावी माध्यम है। वर्तमान भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग तनाव को कम करने, कार्यक्षमता बढ़ाने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।