छपरा से हरि प्रकाश मिश्रा की रिपोर्ट
Chhapra Sadar Hospital News: छपरा सदर अस्पताल परिसर में एक्स-रे विभाग के समीप एक नवजात का शव मिलने से हड़कंप मच गया. हैरानी की बात यह है कि नवजात का शव रविवार की रात से ही वहां पड़ा रहा, लेकिन सोमवार की सुबह करीब 10 बजे तक अस्पताल प्रशासन की नजर उस पर नहीं पड़ी. जानकारी के अनुसार, सुबह जब एक्स-रे विभाग में मरीजों की भीड़ बढ़ी, तब एक मरीज की नजर नवजात के शव पर पड़ी. इसके बाद इस हृदयविदारक मामले की जानकारी अस्पताल प्रबंधक को दी गयी. सूचना मिलते ही अस्पताल कर्मियों में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.
अस्पताल की लापरवाही ने खड़े किए सवाल
इस दर्दनाक घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था, सफाई और निगरानी प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं. इतने बड़े अस्पताल परिसर में रातभर एक नवजात का शव पड़ा रहना और किसी कर्मचारी या सुरक्षा गार्ड की नजर न पड़ना, व्यवस्था की पोल खोलने के लिए काफी है. हालांकि सुबह में सफाई कर्मियों के द्वारा पूरे कैंपस की साफ-सफाई भी की जाती है, लेकिन संवेदनहीनता की हद देखिए कि सफाई कर्मियों की भी नजर इस शव पर नहीं पड़ी. अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि यह घटना मानवता को पूरी तरह शर्मसार करने वाली है.
सीसीटीवी फुटेज में आवारा कुत्ता दिखा
इस संबंध में सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ केएम दुबे ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच में यह सामने आया है कि एक आवारा कुत्ता नवजात के शव को मुंह में दबाकर अस्पताल परिसर में कहीं बाहर से लेकर आया था. हालांकि यह यक्ष प्रश्न अभी भी बना हुआ है कि आखिर नवजात का शव कहां से आया और अस्पताल परिसर तक कैसे पहुंचा. अस्पताल प्रशासन रविवार को वार्ड में जन्मे सभी बच्चों का रिकॉर्ड भी तलाश रहा है, लेकिन अभी तक अस्पताल के अंदर किसी भी मृत शिशु का कोई रिकॉर्ड सामने नहीं आया है.
पुलिस ने गठित किया मेडिकल बोर्ड
रिकॉर्ड न मिलने के कारण यह अनुमान लगाया जा रहा है कि कहीं बाहर के ही किसी कूड़े-कचरे के ढेर से कुत्ता अस्पताल परिसर में नवजात का शव लेकर आया है. घटना की सूचना मिलने पर भगवान बाजार थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. नवजात का पोस्टमार्टम पारदर्शी तरीके से कराने के लिए मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया, जिसके नेतृत्व में पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी की गई. फिलहाल पुलिस और अस्पताल प्रशासन इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रहे हैं ताकि इस अमानवीय घटना की सच्चाई सामने आ सके.
Also Read: सारण में मोहर्रम को लेकर शांति समिति की बैठक, आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील
The post सारण में इंसानियत हुई शर्मसार! सदर अस्पताल में रात भर नवजात के शव को नोंचते रहे कुत्ते, सोता रहा अस्पताल प्रशासन appeared first on Naya Vichar.