नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : थाना क्षेत्र के रूपौली बुजुर्ग स्थित एन एच 28 से पुलिस ने बुधवार की रात 35 कार्टन शराब लदे एक बोलेरो को बरामद किया है।वहीं पुलिस को आते देख बोलेरो चालक वाहन छोड़ फरार हो गया। इस संबंध में मुसरीघरारी थाना कांड सं. 97/26 दर्ज कराई गई है। घटना के संबंध में मुसरीघरारी थाने में पदस्थापित पीटीसी कारे दास में कहा है कि बुधवार की देर रात वे मुसरीघरारी चौक पर दलबल के साथ रात्रि गश्ती कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने देखा कि एक सिल्वर रंग का बोलेरो, इसमें काला रंग का शीशा लगा था तेजी से दलसिंहसराय की ओर जा रहा था। उसे रोकने का प्रयास किया तो भागने लगा। भागने के क्रम में उक्त वाहन योगी स्थान से सलेमपुर की ओर जाने वाली सड़क के किनारे मुड़ने के क्रम में फंस गया।
जब तक पुलिस वहां पहुंचती,उक्त बोलेरो का चालक वाहन को छोड़ फरार हो गया था । पुलिस ने जब उक्त वाहन की तलाशी ली तो उसमें 35 कार्टन रॉयल स्टेग सुपीरियर व्हिस्की बरामद हुई। 420 बोतलों में पैक शराब की कुल मात्रा 315 लीटर बताई गई है। पुलिस ने घटना की प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई शुरू कर दी है।