Hot News

शक्की पति का घनघोर पाप: गर्भवती पत्नी को 10 घंटे घर में रखता था बंद, फिर बाल्टी में डुबोकर की हत्या

Faridabad Pregnant Woman Murder Case: फरीदाबाद की पंचशील कॉलोनी पार्ट-2 में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां 23 वर्षीय गर्भवती स्त्री नेहा कुमारी की कथित तौर पर उसके पति अमित गुप्ता ने हत्या कर दी. पुलिस जांच में सामने आया है कि पति पत्नी पर अवैध संबंध का शक करता था और इसी वजह से उसे रोजाना कई घंटों तक घर में बंद रखता था. पुलिस के मुताबिक, आरोपी पति ने कथित तौर पर नेहा का सिर पानी से भरी बाल्टी में डुबोकर उसकी जान ले ली और इसके बाद मौके से फरार हो गया. आरोपी अमित गुप्ता अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है.

पुलिस जांच में सामने आया कि 26 वर्षीय अमित गुप्ता दिल्ली के लाजपत नगर में ग्राफिक डिजाइनर की नौकरी करता था. जांच के अनुसार, वह सुबह करीब 8:30 से 9 बजे के बीच काम पर निकलता था और शाम करीब 7 बजे घर लौटता था. इस दौरान वह कथित तौर पर घर का मुख्य दरवाजा बाहर से लॉक कर देता था, जिससे नेहा न तो बाहर जा सके और न ही कोई उससे मिलने घर आ सके.

फरीदाबाद पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी यशपाल सिंह ने बताया कि मृतक नेहा मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर की रहने वाली थी. दोनों का विवाह लगभग एक साल पहले हुआ था. तब से वे फरीदाबाद में रह रहे थे. उसके पति पर ही हत्या का शक जताया जा रहा है. अभी तक घटना पर कोई एफआईआर नहीं करवाई गई है. उन्होंने कहा कि परिवार की शिकायत केस में आगे की जांच की जाएगी.

घर से निकलते वक्त लगा देता था ताला

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने नाम न उजागर करने की शर्त पर बताया, ‘परिजनों ने पूछताछ में बताया कि कुछ समय पहले से अमित घर से निकलते वक्त मुख्य दरवाजे पर बाहर से ताला लगाने लगा था. उसका मकसद यह था कि उसकी पत्नी न तो घर से बाहर जा सके और न ही कोई उससे मिलने अंदर आ सके. यह सब वह अपनी पत्नी पर शक की वजह से करता था. नेहा ने इस बारे में अपने परिवार को जरूर बताया था, लेकिन उसने कभी इसका विरोध नहीं किया.’

पड़ोसियों ने भी पुलिस को दी जानकारी

पुलिस के अनुसार, पड़ोसियों ने भी इस बात की पुष्टि की कि छह महीने की गर्भवती नेहा अक्सर अपने नए बने घर के अंदर बंद रहती थी. जांच अधिकारियों ने बताया कि अमित गुप्ता ने नेहा को अकेले बाजार तक जाने की भी अनुमति नहीं दी थी. पुलिस का मानना है कि अमित को पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध होने का शक था और इसी वजह से उसने उसकी गतिविधियों पर लगातार पाबंदियां लगाईं.

पानी की बाल्टी में डुबोकर हत्या का आरोप

पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन अमित गुप्ता ने कथित तौर पर नेहा का सिर पानी से भरी बाल्टी में डुबो दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. इसके बाद वह घर से फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश कर रही है और मामले में परिवार तथा पड़ोसियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं.

ये भी पढ़ें:- कर्नाटक: स्त्री को जबरन कार में बैठाया, चाकू से किया हमला, उसके बाद हुआ जोरदार धमाका

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

फरीदाबाद पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी यशपाल सिंह यादव ने बताया कि जिस जमीन पर यह घर बना है, उसे नेहा के पिता ने खरीदा था. उन्होंने अपनी बेटी और दामाद के रहने के लिए ही यह जमीन ली थी, लेकिन दबाव में उसका रजिस्ट्रेशन अमित गुप्ता के नाम कराया गया था. उन्होंने बताया कि घर के निर्माण का खर्च भी नेहा के पिता ने उठाया था.

यशपाल यादव ने जानकारी दी कि शनिवार को मेडिकल बोर्ड ने नेहा का पोस्टमार्टम किया गया. विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे मौत के कारणों और जांच को लेकर और जानकारी मिल सकेगी. पुलिस फिलहाल आरोपी पति अमित गुप्ता की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की जांच जारी है.

The post शक्की पति का घनघोर पाप: गर्भवती पत्नी को 10 घंटे घर में रखता था बंद, फिर बाल्टी में डुबोकर की हत्या appeared first on Naya Vichar.

Spread the love

विनोद झा
संपादक नया विचार

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top