नया विचार सरायरंजन : प्रखंड क्षेत्र के अहमदपुर हाई स्कूल के स्पोर्ट्स मैदान का निर्माण कार्य रूकने से ग्रामीणों एवं छात्रों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। छात्रों एवं ग्रामीणों का कहना है कि दो माह पूर्व इस हाई स्कूल के मैदान में मनरेगा योजना से स्पोर्ट्स मैदान का निर्माण कार्य शुरू कराया गया था। कार्य शुरू करने के दौरान संवेदकों ने मैदान में बड़े –बड़े गढ्ढे खोदकर छोड़ दिया है। पूर्व में इस मैदान में पंचायत के लोग सुबह –शाम शारीरिक अभ्यास करने के लिए आते थे। इसमें दौड़, स्पोर्ट्स, व्यायाम आदि शामिल हैं। मैदान में गड्ढा खोदने से ग्रामीणों को भारी कठिनाई हो रही है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि यह योजना विभागीय लापरवाही की भेंट चढ़ गई है, जबकि प्रशासन का यह ड्रीम प्रोजेक्ट है। विदित हो कि प्रखंड क्षेत्र के गंगसारा पंचायत स्थित उच्च विद्यालय अहमदपुर में बिहार प्रशासन की महत्वाकांक्षी योजना स्पोर्ट्स मैदान का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसकी शुरुआत दिसम्बर माह में हुई थी। पर अभी तक निर्माण कार्य ठप पड़ा हुआ है। लगभग दस लाख की राशि वाली इस ड्रीम प्रोजेक्ट में कई संवेदक कार्य को छोड़कर चले गए। पर निर्माण कार्य आज भी अधूरा पड़ा हुआ है। दस गांवों में यह एक मात्र इकलौता स्पोर्ट्स का मैदान है,जहां सैंकड़ों शिशु लड़के लड़कियां बिहार पुलिस,एस.एस.सी,जी.डी,अग्निपथ की तैयारियां करते हैं। पूर्व में इस मैदान के चारों तरफ़ दौड़ने के लिए ट्रैक बना हुआ था,जिसे उखाड़ कर गढ्ढा करके छोड़ दिया गया है। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से फोन पर कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया तो वे लोग इसके खिलाफ़ आन्दोलन करेंगे। हंगामा करने वालों में मोती कुमार पंडित,दीपक कुमार राम,अमित कुमार, कुन्दन कुमार,साहिल कुमार,प्रकाश कुमार साहित्य दर्जनों लोग मौजूद हैं।