बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा ने झारखंड में JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर आवाज उठा रहे छात्रों के प्रदर्शन को सपोर्ट दिया है.
झारखंड के बच्चों को सोनाक्षी सिन्हा ने किया सपोर्ट
सोनाक्षी ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक रील शेयर की, जिसमें एक कंटेंट क्रिएटर ने झारखंड में पिछले कुछ दिनों से प्रदर्शन कर रहे सैकड़ों छात्रों की परेशानियों को दिखाया था. इसके कैप्शन में एक्ट्रेस ने लिखा, “अपने देश के छात्रों को इस तरह की मुश्किलों से गुजरते देखना बहुत दुखद है… आखिर ये सब कब खत्म होगा?”
हजारीबाग के अभ्यर्थी विनय मेहता ने पीटीआई संग बातचीत में कहा कि छात्रों का अब सीआईडी जांच पर भरोसा नहीं बचा है. उन्होंने कहा कि इससे पहले JSSC-CGL पेपर लीक मामले की जांच भी सीआईडी ने की थी, जिसमें एजेंसी ने कथित तौर पर 150 में से 135 सवालों के लीक होने और 120 सवालों के परीक्षा पेपर से मैच होने की बात सामने रखी थी.
CJP फाउंडर अभिजीत दिपके ने भी छात्रों को दिया समर्थन
वहीं, CJP के फाउंडर अभिजीत दिपके ने भी झारखंड में प्रदर्शन कर रहे छात्रों से बातचीत की और कहा कि उनका संगठन सभी छात्रों के साथ खड़ा है. उन्होंने एक्स पर लिखा, “झारखंड में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों से बात की. CJP झारखंड के सभी छात्रों के साथ है और उनकी मांगों का समर्थन करता है.”
छात्रों की क्या-क्या मांगें हैं?
19 अप्रैल को आयोजित 14वीं JPSC संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा को रद्द किया जाए.
JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की CBI और ED जैसी केंद्रीय एजेंसियों से निष्पक्ष जांच कराई जाए.
OMR शीट में पांचवां विकल्प “Not Attempted” भी जोड़ा जाए.
छात्रों का कहना है कि दोनों आयोगों में कथित भ्रष्टाचार की वजह से हजारों अभ्यर्थियों का भविष्य दांव पर लगा हुआ है. उनका कहना है कि वे किसान परिवारों से आते हैं और सिर्फ मेरिट के आधार पर निष्पक्ष मौका चाहते हैं. गिरिडीह के एक अभ्यर्थी ने पीटीआई से कहा, “हजारों छात्रों का करियर प्रभावित हो रहा है. हमें सिर्फ योग्यता के आधार पर सही अवसर चाहिए.”
छात्रों ने अल्बर्ट एक्का चौक तक निकाला था मार्च
जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में धरने पर बैठे छात्रों ने अल्बर्ट एक्का चौक तक मार्च निकाला था. वहां उन्होंने JMM गठबंधन प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए और 14वीं JPSC, JSSC-CGL समेत अन्य राज्य स्तरीय भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच की मांग की. छात्रों ने कहा है कि अगर राज्य प्रशासन उनकी मांगों पर जल्द कोई कदम नहीं उठाती है, तो वे आने वाले दिनों में झारखंड विधानसभा तक मार्च निकालकर घेराव करेंगे.
ये भी पढ़ें: झारखंड छात्र आंदोलन को मिला ‘अनुपमा’ फेम रुपाली गांगुली का साथ, बोलीं- बारिश में डटे छात्रों की आवाज सुने प्रशासन
The post झारखंड छात्र आंदोलन के सपोर्ट में उतरी सोनाक्षी सिन्हा, बोली- यह देखना बहुत दुखद appeared first on Naya Vichar.

