रांची से नवीन शर्मा, राजलक्ष्मी, अभिषेक आनंद और अरविंद की रिपोर्ट
JPSC Student Protest: JPSC-JSSC परीक्षा विवाद को लेकर जारी छात्र आंदोलन के बीच शुक्रवार को प्रशासन और छात्र प्रतिनिधियों के बीच औपचारिक वार्ता शुरू हो गई. बैठक में छात्रों के 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल और प्रशासन के प्रतिनिधि आमने-सामने बैठकर विभिन्न मांगों पर चर्चा कर रहे हैं. छात्र प्रतिनिधि प्रशासन को अपने मांग पत्र के प्रत्येक बिंदु से अवगत करा रहे हैं और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, कथित अनियमितताओं की जांच तथा परीक्षा सुधार सहित अन्य मांगों पर कार्रवाई की अपेक्षा जता रहे हैं. वार्ता के नतीजे पर आंदोलन की आगामी रणनीति निर्भर करेगी.
लंबी चल सकती है प्रशासन-छात्रों की बातचीत
JPSC-JSSC परीक्षा विवाद को लेकर जारी छात्र आंदोलन के बीच शुक्रवार शाम प्रशासन और छात्र प्रतिनिधियों के बीच स्टेट गेस्ट हाउस में वार्ता जारी है. शाम 7:23 बजे प्रशासन की ओर से चार मंत्रियों का प्रतिनिधिमंडल स्टेट गेस्ट हाउस पहुंचा, जबकि 7:45 बजे छात्र प्रतिनिधिमंडल वहां पहुंचा. फिलहाल दोनों पक्षों के बीच मांगों पर बातचीत चल रही है. स्टेट गेस्ट हाउस के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और दोनों प्रतिनिधिमंडलों के अलावा किसी अन्य व्यक्ति को अंदर जाने की अनुमति नहीं है. वार्ता लंबी चलने की संभावना जताई जा रही है.
आंदोलन के 14वें दिन हो रही प्रशासन के साथ बातचीत
JPSC-JSSC परीक्षा विवाद को लेकर जारी छात्र आंदोलन के 14वें दिन प्रशासन ने समाधान की दिशा में गंभीर पहल की है. शुक्रवार को एसडीएम की मौजूदगी में तीन वाहनों से छात्र प्रतिनिधियों को स्टेट गेस्ट हाउस लाया गया, जहां प्रशासन के साथ वार्ता होनी है. स्टेट गेस्ट हाउस में प्रशासन की ओर से चार मंत्रियों का प्रतिनिधिमंडल भी पहुंच गया है. प्रशासन छात्रों की मांगों पर चर्चा कर आंदोलन का समाधान निकालने का प्रयास करेगी. छात्रों से बातचीत के बाद प्रशासन आगे की रणनीति तय करेगी.
शाम सात बजे रखा गया बातचीत का समय
जेपीएससी अभ्यर्थियों के आंदोलन के बीच शुक्रवार शाम 7 बजे स्टेट गेस्ट हाउस में प्रशासन और आंदोलनकारी छात्रों के प्रतिनिधिमंडल के बीच अहम वार्ता होगी. बैठक को लेकर छात्रों ने प्रशासन से बातचीत करने वाले अपने नए 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल (डेलिगेट्स) की अंतिम सूची जारी कर दी है.
छात्रों ने जारी की प्रतिनिधिमंडल सदस्यों की सूची
छात्रों की ओर से जारी सूची के अनुसार रवीन्द्र पासवान, पीयूष कुमार, राजेश प्रसाद, नीतू कुजूर, अंकित राज, कार्तिक सोरेन, शालू कुमारी, रवींद्र कुमार रवि, आनंद कुमार और अंकित कुमार प्रशासन के साथ वार्ता में शामिल होंगे. अभ्यर्थियों का कहना है कि सभी की सहमति से प्रतिनिधिमंडल का गठन किया गया है, ताकि आंदोलन से जुड़ी मांगों को मजबूती के साथ प्रशासन के सामने रखा जा सके.
बैठक के बाद तय होगी आगे की दिशा
वहीं प्रशासन की ओर से वार्ता में मंत्री दीपिका पांडे सिंह, मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, मंत्री चमरा लिंडा, मंत्री संजय यादव तथा अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह शामिल होंगे. प्रशासन और अभ्यर्थियों के बीच जेपीएससी से जुड़े विभिन्न मुद्दों और छात्रों की मांगों पर चर्चा होगी.
यह बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि पिछले कई दिनों से जेपीएससी अभ्यर्थी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं. छात्रों का कहना है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात प्रशासन तक पहुंचाना चाहते हैं और वार्ता के जरिए समाधान की उम्मीद कर रहे हैं.
प्रशासन की ओर से वार्ता में शामिल प्रतिनिधि
- मंत्री दीपिका पांडे सिंह
- मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू
- मंत्री चमरा लिंडा
- मंत्री संजय यादव
- अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह
छात्रों की ओर से अंतिम 10 डेलिगेट्स
- रवीन्द्र पासवान
- पीयूष कुमार
- राजेश प्रसाद
- नीतू कुजूर
- अंकित राज
- कार्तिक सोरेन
- शालू कुमारी
- रवींद्र कुमार रवि
- आनंद कुमार
- अंकित कुमार
The post JPSC Student Protest: वार्ता के लिए स्टेट गेस्ट हाउस पहुंचे छात्र, प्रशासन के साथ बातचीत शुरू appeared first on Naya Vichar.