गुजरात प्रशासन के आंकड़ों के मुताबिक, इस ताजा प्रकोप में अब तक 39 बच्चों में चांदीपुरा वायरस के संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 25 बच्चों की मौत हो चुकी है.
हजारों सैंपल फेल, मुख्य वाहक में नहीं मिला वायरस
चांदीपुरा वायरस सैंडफ्लाई (रेत मक्खी या बालू मक्खी) के काटने से फैलता है. जो मुख्य रूप से कच्चे/मिट्टी के घरों की दरारों और मवेशियों के आसपास पाई जाती है. 30 जून से शुरू हुए इस प्रकोप के बाद स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक स्तर पर जांच अभियान चलाया. रिसर्च करने वालों ने हजारों की संख्या में सैंडफ्लाई के सैंपल इकट्ठे किए. जब उनमें वायरस नहीं मिला, तो जांच का दायरा बढ़ाते हुए मच्छरों और किल्लियों (Ticks) के भी सैंपल लिए गए. लेकिन हैरानी की बात यह है कि सभी टेस्ट की रिपोर्ट नेगेटिव आई है.
2024 में भी चांदीपुरा वायरस ने बरपाया था कहर
इससे पहले 2024 में भी चांदीपुरा वायरस का प्रकोप देखने को मिला था. उस दौरान भी 78 संदिग्ध बच्चों में से 28 की मौत हो गई थी, और व्यापक जांच के बावजूद वैज्ञानिक वायरस के मुख्य स्रोत को ढूंढने में नाकाम रहे थे. शोधकर्ताओं के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यही बना हुआ है कि जब सभी ज्ञात वाहकों में वायरस मौजूद नहीं है, तो यह मासूम बच्चों तक कैसे पहुंच रहा है और कहां पनप रहा है. फिलहाल राज्य प्रशासन और केंद्रीय स्वास्थ्य टीमों द्वारा निगरानी और शोध का काम तेजी से जारी है.
चांदीपुरा वायरस (CHPV) के बारे में जानें
- वायरस का परिवार: यह रैबडोविराइडे (Rhabdoviridae) परिवार का सदस्य है.
- प्रभावित क्षेत्र और समय: हिंदुस्तान के पश्चिमी, मध्य और दक्षिणी हिस्सों में विशेष रूप से मानसून के मौसम के दौरान यह एईएस (AES) के मामले और आउटब्रेक पैदा करता है.
- कैसे फैलता है: यह वायरस मुख्य रूप से सैंडफ्लाई (बालू मक्खी), मच्छरों और किल्लनी (Ticks) जैसे कीटों के काटने से फैलता है.
चांदीपुरा वायरस का इलाज क्या है?
- इस संक्रमण में मृत्यु दर काफी अधिक (56% से 75%) होती है. वर्तमान में इसका कोई सटीक इलाज या वैक्सीन उपलब्ध नहीं है.
- सही समय पर अस्पताल पहुंचने और सही इंटेन्सिव सपोर्टिव केयर से मरीज की जान बचने की संभावना बढ़ जाती है.
चांदीपुरा वायरस से बचाव के उपाय
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार कुछ जरूरी उपाय करने से चांदीपुरा वायरस के संक्रमण से बचा जा सकता है.
- कीट नियंत्रण : जमा पानी और गंदगी को साफ रखना ताकि मच्छर और सैंडफ्लाई न पनप सकें.
- काटने से बचाव: मच्छरों, सैंडफ्लाई और किल्लनी के काटने से बचने के लिए पूरी बांह के कपड़े पहनें और रिपेलेंट्स का इस्तेमाल करें.
ये भी पढ़ें: क्या आपका शरीर भी दे रहा है वॉर्निंग? इन 6 संकेतों को समझना है बेहद जरूरी
The post चांदीपुरा वायरस: गुजरात में 5 सप्ताह में 25 बच्चों की मौत, जानें इलाज और बचाव के उपाय appeared first on Naya Vichar.

