Patna Crime News : पटना जिले के दानापुर थाना क्षेत्र के आरपीएस मोड़ स्थित आर्य समाज डीएवी पब्लिक स्कूल के गेट के सामने रविवार शाम दो बदमाशों ने टेलर की दुकान से खींचकर एक नाबालिग लड़की को गोली मारकर जख्मी कर दिया. गोली लड़की के कंधे में लगी है. घटना के बाद उसे परिजनों ने राजा बाजार स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया है. गोली चलने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
जान बचाने के लिए टेलर की दुकान में छिपी थी लड़की
दुकानदार के अनुसार, रविवार शाम नाबालिग लड़की दुकान में आई और बदमाशों से बचने के लिए उसके पीछे छिप गई. लड़की का पीछा करते हुए दो बदमाश दुकान के अंदर पहुंच गए. आरोप है कि दोनों ने दुकानदार को हटने के लिए कहा और धमकी दी कि बीच में आने पर गोली मार देंगे.
इसके बाद बदमाश लड़की को दुकान से खींचकर बाहर ले जाने लगे. इसी दौरान लड़की गिर गई. बदमाशों ने उसके कंधे में गोली मार दी और मौके से फरार हो गए. घायल लड़की ने दुकानदार के फोन से अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की. थानाध्यक्ष पीके भारद्वाज ने बताया कि नाबालिग लड़की के कंधे में गोली लगी है और उसका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है. घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके.
पुलिस के अनुसार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. घटना के कारणों और बदमाशों की पहचान को लेकर पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.
Also Read : नीतीश की विरासत पर घमासान: उपेंद्र कुशवाहा के दावे पर JDU का पलटवार, कहा- ‘चादर जितनी हो…’
The post पटना में टेलर की दुकान से लड़की को खींचकर बदमाशों ने मारी गोली, जान बचाने के लिए अंदर छिपी थी नाबालिग appeared first on Naya Vichar.
