नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर :जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के भरपुरा वार्ड 11 में सोमवार की देर रात झोपड़ी में सो रहे बुजुर्ग दंपति की तेज धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह काफी देर तक दोनों के घर से बाहर नहीं निकलने पर आसपास के लोगों ने झोपड़ी में झांककर देखा तो दोनों के शव जमीन पर पड़े मिले। इसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतकों की पहचान भरपुरा निवासी बंगाली दास (75) और उनकी पत्नी धानो देवी (70) के रूप में हुई है। दोनों सड़क किनारे झोपड़ी बनाकर अकेले रहते थे। उनके परिवार के अधिकांश सदस्य प्रदेश में रहते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, दंपति लंबे समय से इसी झोपड़ी में रहकर किसी तरह अपना जीवन-यापन कर रहे थे।स्थानीय लोगों ने बताया कि मंगलवार सुबह काफी देर तक बुजुर्ग दंपति को घर से बाहर नहीं निकलते देखा तो लोगों को संदेह हुआ। इसी दौरान उनकी झोपड़ी के पीछे की टाटी फटी हुई दिखाई दी। लोगों ने झोपड़ी के अंदर झांककर देखा तो दोनों के शव जमीन पर पड़े थे। इसके बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
पुलिस के अनुसार, दोनों की हत्या तेज धारदार हथियार से वार कर की गई है। शरीर के कई हिस्सों पर जख्म के निशान मिले हैं। गर्दन पर भी धारदार हथियार से वार किए जाने की बात सामने आई है।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी अरविंद प्रताप सिंह समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू की। एसपी खुद घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन कर रहे हैं। विभूतिपुर के माकपा विधायक अजय कुमार भी मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी ली।विभूतिपुर विधायक अजय कुमार ने कहा कि बुजुर्ग दंपति की निर्मम तरीके से हत्या की गई है। दोनों अकेले झोपड़ी में रहते थे। उन्होंने प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। विधायक ने घटनास्थल पर मौजूद एसपी से निष्पक्ष जांच करते हुए आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का आग्रह किया।एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि बुजुर्ग दंपति की तेज धारदार हथियार से हत्या की गई है। दोनों अकेले घर में रहते थे। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जल्द ही घटना में शामिल बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा।