उमाकांत शर्मा की रिपोर्ट
हजारीबागः जिले के कटकमसांडी थाना क्षेत्र के लुपुंग गांव से दिल को झकझोर देने वाली एक समाचार सामने आई है, यहां एक पिता ने अपने छह माह के मासूम बेटे को पटक-पटककर मौत के घाट उतार दिया है. बताया जा रहा है कि घरेलू विवाद के दौरान पिता ने अपने छह माह के मासूम बेटे की कथित रूप से पटक-पटककर हत्या कर दी.
सड़ा आलू फेंकने को लेकर चल रहा था विवाद
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक मासूम की पहचान अंश कुमार (6 माह) के रूप में हुई है. मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पिता आकाश कुमार मेहता को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि घर में सड़ा आलू फेंकने को लेकर अंश की मां निराली देवी और दादी फोटा देवी के बीच विवाद चल रहा था. इसी दौरान आकाश कुमार मेहता घर पहुंचा.
ये भी पढ़ें- मोबाइल चोरी करते पकड़ाया युवक, लोगों ने पोल से बांधकर पीटा
शिशु को उठाया और पत्थर पर पटक दिया
पत्नी और मां के बीच विवाद की समाचार मिलने पर आकाश गुस्से में आ गया और उसने अपने मासूम बेटे को कुएं के पास रखे एक पत्थर पर पटक दिया. जिससे मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया. इसके बाद परिजन और ग्रामीणों ने आनन-फानन में शिशु को इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया. लेकिन इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
मृतक की मां के बयान पर हत्या का केस दर्ज
घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शिशु के शव का पोस्टमार्टम कराया और उसे परिजनों को सौंप दिया. वहीं, मामले में मृतक की मां निराली देवी के बयान पर पुलिस ने कटकमसांडी थाना में कांड संख्या 135/26 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया. और मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा. मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश ने बताया कि घटना को लेकर जांच की जा रही है. जांच के आधार पर अन्य दोषियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें- बाढ़ से 38 किसानों की फसल बर्बाद, प्रशासन ने शुरू किया नुकसान का सत्यापन
The post 6 माह के मासूम को पिता ने पटक-पटककर मार डाला, पुलिस ने भेजा जेल appeared first on Naya Vichar.

