नया विचार न्यूज़ सरायरंजन। थाना क्षेत्र के अख्तियारपुर गांव में रविवार शाम 16 वर्षीय किशोरी चिंकी कुमारी की मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। मृतका की दादी राजो देवी ने घटना के तीसरे दिन सरायरंजन थाने में आवेदन देकर गांव के ही एक प्रशासनी शिक्षक संजय कुमार झा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने आवेदन प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
आवेदन के अनुसार, चिंकी कुमारी उत्तम महतो की पुत्री थी। दादी का आरोप है कि संजय कुमार झा किशोरी को कोचिंग में पढ़ाते थे। कोचिंग के दौरान जब अन्य बच्चों को छुट्टी दे दी जाती थी, तब कथित रूप से चिंकी को पढ़ाई के बहाने रोक लिया जाता था। दादी ने आरोप लगाया है कि घटना से एक दिन पहले शनिवार की रात संजय कुमार झा उस घर में पहुंचे, जहां किशोरी सो रही थी।
राजो देवी के अनुसार, घर के सदस्यों को बातचीत की आवाज सुनाई दी। इसके बाद जब वे कमरे के पास पहुंचे तो कथित रूप से शिक्षक किशोरी के शरीर पर हाथ रखे हुए थे। परिजनों के कमरे में प्रवेश करने पर शिक्षक वहां से भागने लगे। आवेदन में दावा किया गया है कि घर के सदस्यों ने उन्हें पकड़ लिया और घटना का वीडियो भी बनाया, लेकिन बाद में मौका पाकर वह वहां से निकल गए।
दादी ने आवेदन में आरोप लगाया है कि इस घटना से किशोरी मानसिक रूप से परेशान हो गई थी। इसी कारण उसने रविवार शाम घर के अंदर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने किशोरी को फंदे से लटका देखा, जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। अब दादी के आवेदन के बाद पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुट गई है। पुलिस कथित वीडियो और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर सकती है।
सरायरंजन थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि किशोरी की दादी की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। आवेदन में प्रशासनी विद्यालय में कार्यरत शिक्षक संजय कुमार झा पर आरोप लगाया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।