Hot News

चिंकी को न्याय दिलाने थाना पहुंचे सैकड़ों लोग, आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी को 48 घंटे का अल्टीमेटम

थाना घेराव कर प्रदर्शनकारियों ने कहा- गिरफ्तारी नहीं हुई तो कटोरा लेकर निकालेंगे ‘न्याय की भीख यात्रा’, करेंगे चक्का जाम

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन |अख्तियारपुर गांव की 16 वर्षीय किशोरी चिंकी कुमारी की मौत के मामले में आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सैकड़ों लोगों ने सरायरंजन थाना का घेराव किया। आक्रोशित लोगों ने पुलिस प्रशासन से आरोपी शिक्षक संजय कुमार झा को अविलंब गिरफ्तार कर जेल भेजने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि 48 घंटे के भीतर गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

आंदोलन की शुरुआत पतैली पेट्रोल पंप से हुई। यहां से बड़ी संख्या में लोग मार्च निकालते हुए सरायरंजन बाजार, प्रखंड मुख्यालय होते हुए थाना परिसर पहुंचे। थाना परिसर में मार्च नुक्कड़ सभा में तब्दील हो गया। मार्च का संयुक्त नेतृत्व संजीव कुमार इन्कलाबी और प्रभाष कुमार ईश्वर ने किया।

सभा को संबोधित करते हुए संजीव कुमार इन्कलाबी ने कहा कि घटना को कई दिन बीत चुके हैं, लेकिन आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों में आक्रोश है। उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।

प्रदर्शनकारियों की मांग पर थानाध्यक्ष धनंजय कुमार सिंह ने 48 घंटे के भीतर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद इन्कलाबी ने कहा कि यदि तय समय में आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी नहीं हुई तो अख्तियारपुर से सरायरंजन थाना तक हाथों में कटोरा लेकर ‘न्याय की भीख यात्रा’ निकाली जाएगी। इसके बाद चक्का जाम कर व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

‘मेरी बेटी को न्याय मिलना चाहिए’

मृत किशोरी के पिता उत्तम राय ने कहा कि उनकी बेटी के साथ जो हुआ, उसमें परिवार न्याय चाहता है। उन्होंने कहा कि न्याय पाने के लिए चाहे उन्हें भीख मांगने के लिए सड़क पर क्यों न उतरना पड़े, वे पीछे नहीं हटेंगे। किशोरी के चाचा अशोक राय ने कहा कि परिवार न्याय के लिए लगातार दर-दर भटक रहा है, लेकिन अब तक संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई है।

बताया गया कि 21 अगस्त की रात किशोरी के घर में शिक्षक संजय कुमार झा के मौजूद होने की बात सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया था। परिजनों और स्थानीय लोगों द्वारा शिक्षक का वीडियो बनाए जाने की बात भी सामने आई है। इसी दौरान लोगों ने शिक्षक के साथ मारपीट की और वह वहां से निकलने में सफल रहा। अगले दिन 22 अगस्त को किशोरी ने फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली।

किशोरी के परिजनों और प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि घटना के बाद सामाजिक दबाव और लोकलज्जा के कारण उसने यह कदम उठाया। हालांकि, मामले की वास्तविक परिस्थितियों और मौत के कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

चिंकी उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय अख्तियारपुर में कक्षा 11वीं की छात्रा थी। बताया गया कि वह आरोपी शिक्षक के निजी कोचिंग संस्थान में भी पढ़ती थी। मामले को लेकर लोगों में आक्रोश बना हुआ है।

प्रदर्शन में सत्यम कुमार झा, पवन कुमार पटेल, सौरभ कुमार झा, उमेश कुमार झा, विकास कुमार समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। लोगों ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच, आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।

Spread the love

विनोद झा
संपादक नया विचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top