निजी जमीन में टावर नहीं लगाने व लाइन सप्लाई नहीं करने की मांग, हंगामे की सूचना पर पहुंचे सीओ व पुलिस
नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : प्रखंड क्षेत्र के पतैली गांव में 132 केवी हाई वोल्टेज टावर लाइन लगाने को लेकर ग्रामीणों ने जमकर विरोध किया। ग्रामीणों ने निजी जमीन में टावर लगाने तथा वहां से हाई वोल्टेज लाइन ले जाने पर आपत्ति जताते हुए काम रोकने की मांग की।बताया जाता है कि ताजपुर से मोरवा की ओर 132 केवी हाई वोल्टेज टावर लाइन ले जाने का कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में पतैली गांव में टावर लगाने के लिए सामग्री पहुंचने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।ग्रामीणों का कहना था कि संबंधित परियोजना के तहत निजी जमीन से हाई वोल्टेज लाइन ले जाने की तैयारी की जा रही है। ग्रामीणों ने निजी जमीन में टावर नहीं गाड़ने तथा उस रास्ते से हाई वोल्टेज लाइन की सप्लाई नहीं करने की मांग की।इसको लेकर मौके पर ग्रामीणों और कार्य में जुटे कर्मियों के बीच विरोध की स्थिति उत्पन्न हो गई। देखते ही देखते काफी संख्या में लोग जुट गए और हंगामा करने लगे। ग्रामीणों के विरोध और हंगामे की सूचना मिलने पर अंचलाधिकारी तथा पुलिस मौके पर पहुंची।अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और मामले को समझने के बाद तत्काल स्थिति को शांत कराया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनकी आपत्तियों और मांगों को संबंधित स्तर पर रखा जाएगा।बताया गया कि पुलिस एवं सीओ की ओर से मामले को लेकर ग्रामीणों को दो दिन का समय दिया गया है। इस अवधि में संबंधित अधिकारियों द्वारा मामले की जांच और ग्रामीणों की आपत्तियों पर विचार किए जाने की बात कही गई है।ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि उनकी मांग पर उचित निर्णय होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाए। फिलहाल अधिकारियों के समझाने के बाद मौके पर स्थिति शांत है। हाई वोल्टेज टावर लाइन को लेकर ग्रामीणों और विभाग के बीच उत्पन्न विवाद पर अब सभी की नजर प्रशासनिक स्तर पर होने वाले अगले निर्णय पर टिकी है।