Earthquake in Murshidabad: मुर्शिदाबाद. मुर्शिदाबाद. पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में शनिवार देर रात भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत फैल गई. राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के मुताबिक भूकंप रात 10 बजकर 24 मिनट पर आया. रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.7 मापी गई, जबकि भूकंप का केंद्र जमीन की सतह से करीब 10 किलोमीटर नीचे था. NCS ने इसका केंद्र मुर्शिदाबाद में 24.707 उत्तरी अक्षांश और 87.914 पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया है. हालांकि, अभी तक भूकंप से किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं मिली है.
मुर्शिदाबाद में देर रात भूकंप के झटके, दहशत में लोग
स्थानीय स्तर पर बताया गया कि झटके धुलियान और फराक्का के बीच के इलाके में महसूस किए गए. भूस्खलन और भारी बारिश की मार झेल रहे मुर्शिदाबाद में भूकंप के बाद लोगों की चिंता और बढ़ गई. हालांकि, अभी तक भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना सामने नहीं आई है. भूकंप की तीव्रता कम होने के बावजूद देर रात अचानक आए झटकों ने लोगों को घरों से बाहर निकलने पर मजबूर कर दिया.
बंगाल में पहले भी महसूस होते रहे हैं बड़े भूकंप के झटके
पश्चिम बंगाल और इसके आसपास का बंगाल बेसिन भूकंपीय गतिविधियों के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्र रहा है. इतिहास में कई बड़े भूकंपों का असर बंगाल तक पहुंचा है. विशेषज्ञों के अनुसार बंगाल बेसिन कई सक्रिय भ्रंश क्षेत्रों के प्रभाव में आता है, इसलिए छोटे-बड़े भूकंपों की गतिविधि को पूरी तरह असामान्य नहीं माना जा सकता.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण समाचारों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
प्रमुख घटनाएं
- 1885: बंगाल भूकंप, जिसकी तीव्रता करीब 6.8 रही.
- 1897: 8.1 से अधिक तीव्रता वाले महान असम-शिलांग भूकंप के झटके बंगाल में भी महसूस किए गए और कोलकाता में नुकसान हुआ.
- 1918: श्रीमंगल भूकंप, जिसकी तीव्रता करीब 7.6 थी, का प्रभाव बंगाल क्षेत्र में महसूस हुआ.
- 1930: धुबरी भूकंप, करीब 7.1 तीव्रता के इस भूकंप के झटके बंगाल के बड़े हिस्से में महसूस किए गए.
- 1934: बिहार-नेपाल सीमा का 8 से अधिक तीव्रता वाला विनाशकारी भूकंप बंगाल तक महसूस किया गया.
- 1964: सागर द्वीप क्षेत्र में करीब 5.4 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया.
- 2011: सिक्किम भूकंप (6.9) का प्रभाव पश्चिम बंगाल और कोलकाता में भी महसूस हुआ.
- 2015: नेपाल के शक्तिशाली भूकंपों के झटके पश्चिम बंगाल समेत पूर्वी हिंदुस्तान में महसूस किए गए.
Also Read: कोलकाता मेट्रो में धुआं, आग लगने की आशंका के बाद बेलगाछिया स्टेशन पर रोकी गयी ट्रेनें
The post Earthquake : बंगाल में भूकंप के झटके, भूस्खलन से तबाह मुर्शिदाबाद में रिक्टर स्केल पर 3.7 थी तीव्रता appeared first on Naya Vichar.

