नया विचार न्यूज़ सरायरंजन | थाना क्षेत्र के रायपुर बुजुर्ग पंचायत स्थित बरूना रसलपुर वार्ड संख्या-6 में एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान दरभंगा जिले के कमतौल थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव निवासी स्व. राम प्रसाद दास के 33 वर्षीय पुत्र मुकेश दास के रूप में हुई है। मुकेश अपने ससुराल रसलपुर में रहकर मजदूरी करते थे और परिवार का भरण-पोषण करते थे।
परिजनों के अनुसार, मुकेश गांव के ही ठेकेदार रंजीत दास के साथ पाइलिंग का काम करने के लिए 30 अगस्त को पटना गए थे। आरोप है कि वहां उनके साथ मारपीट की गई थी। परिजनों का कहना है कि 5 सितंबर की रात दो बाइक सवार युवक मुकेश को गंभीर और बेहोशी की हालत में छोड़कर चले गए। इनमें एक की पहचान शिवा के रूप में बताई गई है।
मुकेश की हालत गंभीर देख परिजनों ने इलाज शुरू कराया। स्थिति में सुधार नहीं होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में उनकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, मुकेश के शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे। घटना के बाद मृतक की पत्नी आरती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मुकेश अपने पीछे पुत्र रितेश कुमार (6), पुत्री ऋतु कुमारी (4) और एक नवजात शिशु को छोड़ गए हैं।
घटना की सूचना मिलने पर सरायरंजन थानाध्यक्ष धनंजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं, 112 की टीम लीडर रविंद्र प्रसाद यादव भी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।