Hot News

BRICS Summit 2026 : आज से अगले तीन दिन दिल्ली पर रहेगी दुनिया की नजर, जानिए 11, 12 और 13 सितंबर को क्या-क्या होगा ?

दिल्ली में इन दिनों हर तरफ BRICS समिट की तैयारियां दिखाई दे रही हैं. 12 और 13 सितंबर को हिंदुस्तान मंडपम में 18वां BRICS शिखर सम्मेलन का आयोजन हो रहा है. रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग समेत कई बड़े नेता राजधानी पहुंच रहे हैं. इसका असर सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था पर नहीं, बल्कि स्कूल, सड़क और आम लोगों की आवाजाही पर भी पड़ेगा.

हालांकि आम लोगों को कोई दिक्कत ना हो इसके लिए 11 से 13 सितंबर तक दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कई प्रमुख रास्तों पर डायवर्सन और नियंत्रित आवाजाही की व्यवस्था की है.

11 सितंबर से दिल्ली में क्या बदल रहा?

  • आज (11 सितंबर) से BRICS समिट के लिए सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह लागू है. दिल्ली के सभी स्कूलों को आज बंद रखने का फैसला किया गया है. शिक्षा निदेशालय ने यह कदम समिट के दौरान संभावित ट्रैफिक और आवाजाही की परेशानी को देखते हुए उठाया है.
  • दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 11 से 13 सितंबर के लिए अलग से एडवाइजरी जारी की है. VVIP काफिलों की आवाजाही के दौरान कई सड़कों पर ट्रैफिक को कुछ समय के लिए रोका या दूसरे रास्ते पर भेजा जा सकता है. 35 से ज्यादा प्रमुख सड़कें इस व्यवस्था के दायरे में हैं और 22 डायवर्जन पॉइंट बनाए गए हैं.

कल यानी 12 सितंबर सबसे अहम दिन

  • 12 सितंबर को हिंदुस्तान मंडपम में BRICS सम्मेलन का पहला मुख्य दिन होगा. इसी दिन कई राष्ट्राध्यक्ष और दूसरे बड़े प्रतिनिधि हिंदुस्तान मंडपम पहुंचेंगे. दोपहर 2 बजे से नेताओं का पहुंचना शुरू होगा. हिंदुस्तान मंडपम के लेवल-2 पर उनका आधिकारिक फोटो भी लिया जाएगा.
  • इसके बाद दोपहर 2:35 बजे नेताओं की बंद कमरे में बैठक होगी. इसमें दुनिया के बड़े मुद्दों पर चर्चा होगी. खास तौर पर इस बात पर जोर रहेगा कि दुनिया से जुड़े फैसलों में ज्यादा से ज्यादा देशों की आवाज कैसे शामिल हो और अलग-अलग देशों के बीच मिलकर काम करने को कैसे मजबूत किया जाए.
  • शाम 4:25 बजे हिंदुस्तान इनोवेट्स नाम की प्रदर्शनी दिखाई जाएगी. इसके बाद शाम 5:05 बजे सभी नेताओं की ग्रुप फोटो होगी. इसके कुछ ही मिनट बाद, 5:10 बजे नेता पौधरोपण कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे. दिन का आखिरी बड़ा कार्यक्रम शाम 7:30 बजे होगा. प्रधानमंत्री की ओर से विदेशी नेताओं के लिए गाला डिनर रखा गया है.
  • VVIP मूवमेंट ज्यादा होने की वजह से मध्य दिल्ली और नई दिल्ली के कई हिस्सों में ट्रैफिक का दबाव बढ़ सकता है.हिंदुस्तान मंडपम के आसपास के अलावा एयरपोर्ट से आने-जाने वाले रास्तों पर भी सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था कड़ी रहेगी.

13 सितंबर को क्या होगा?

  • 13 सितंबर BRICS समिट का दूसरा और आखिरी दिन होगा. इस दिन भी हिंदुस्तान मंडपम के आसपास VVIP आवाजाही रहेगी और सुरक्षा व्यवस्था पहले की तरह जारी रहेगी. समिट का दूसरे दिन BRICS के साझेदार और दूसरे आमंत्रित देशों के नेता सुबह 9:55 बजे हिंदुस्तान मंडपम पहुंचेंगे.
  • इसके बाद सुबह 10:35 बजे सभी नेताओं की ग्रुप फोटो होगी. फिर सुबह 10:50 बजे समिट का ओपन सेशन शुरू होगा. इस दौरान नेता खुले मंच से अपनी बात रखेंगे. इसमें अहम मुद्दों पर चर्चा के साथ बड़े ऐलान भी हो सकते हैं.
  • यानी 13 सितंबर को समिट अपने आखिरी दौर में पहुंचेगा और दिन के कार्यक्रमों के साथ इस साल का BRICS शिखर सम्मेलन भी खत्म हो जाएगा.

35 से ज्यादा सड़कों पर VVIP मूवमेंट

  • समिट के दौरान सरदार पटेल मार्ग, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, मथुरा रोड, जनपथ, अशोका रोड, बाराखंभा रोड और दूसरी प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक नियंत्रित किया जा सकता है.
  • हालांकि इन सभी सड़कों को पूरे समय बंद रखने की जानकारी नहीं है. VVIP काफिले की जरूरत के हिसाब से कुछ समय के लिए आवाजाही रोकी या डायवर्ट की जाएगी.
  • एयरपोर्ट जाने वालों के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने मेट्रो को बेहतर विकल्प बताया है. सड़क से जाने पर VVIP मूवमेंट के कारण अचानक ट्रैफिक रुक सकता है, इसलिए यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है।

सुरक्षा में हजारों जवान, 4,800 पुलिसकर्मी संभालेंगे ट्रैफिक

  • BRICS समिट के लिए दिल्ली में सुरक्षा का इंतजाम कई स्तरों पर किया गया है.दिल्ली पुलिस और पैरामिलिट्री को मिलाकर करीब 25,000 से 30,000 सुरक्षाकर्मी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहेंगे है.
  • हिंदुस्तान मंडपम और VVIP रूट के आसपास मल्टी-लेयर सुरक्षा व्यवस्था है. CCTV, एंटी-ड्रोन सिस्टम और दूसरी तकनीकी निगरानी के जरिए भी नजर रखी जा रही है.

11, 12 और 13 सितंबर को आम दिल्ली वालों के लिए क्या बदलेगा?

  • 11 से 13 सितंबर के बीच अगर आपका सफर नई दिल्ली, हिंदुस्तान मंडपम, एयरपोर्ट या VVIP रूट के आसपास है तो निकलने से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर देख लें. जरूरी न हो तो इन इलाकों से गुजरने से बचें.
  • एयरपोर्ट या रेलवे स्टेशन जाने वालों को खास तौर पर समय लेकर निकलना चाहिए. मेट्रो का इस्तेमाल करने से सड़क पर होने वाले अचानक डायवर्जन से बचा जा सकता है.

कुल मिलाकर, अगले तीन दिन दिल्ली के लिए सामान्य दिनों से अलग रहने वाले हैं. BRICS समिट के चलते सुरक्षा सबसे ऊपर रहेगी, लेकिन ट्रैफिक पुलिस की कोशिश है कि VVIP मूवमेंट के बीच आम लोगों की आवाजाही को जितना संभव हो, सामान्य रखा जाए. 

ये भी पढ़ें: कैसे हुई थी BRICS की शुरुआत ? समझिए हिंदुस्तान के लिए क्यों खास है 2026 का शिखर सम्मेलन

The post BRICS Summit 2026 : आज से अगले तीन दिन दिल्ली पर रहेगी दुनिया की नजर, जानिए 11, 12 और 13 सितंबर को क्या-क्या होगा ? appeared first on Naya Vichar.

Spread the love

विनोद झा
संपादक नया विचार

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top