नया विचार न्यूज़ सरायरंजन। मुसरीघरारी थाना के बगल में बुधवार की शाम लगने वाले हाट से सब्जी खरीदने गए एक व्यक्ति की जेब से चोरों ने मोबाइल चोरी कर लिया। घटना के बाद पीड़ित ने काफी खोजबीन की, लेकिन मोबाइल का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद उन्होंने मुसरीघरारी थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित की पहचान सरायरंजन नगर पंचायत के वार्ड संख्या 12 निवासी स्वर्गीय ओपी झा के पुत्र मुकेश कुमार झा के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि बुधवार की शाम वह मुसरीघरारी थाना के समीप लगने वाले हाट में सब्जी खरीदने गए थे। सब्जी खरीदने के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी जेब से मोबाइल निकाल लिया। कुछ देर बाद मोबाइल गायब होने की जानकारी हुई। आसपास काफी तलाश करने के बाद भी मोबाइल नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने थाने पहुंचकर घटना की लिखित शिकायत की।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि थाना के ठीक बगल में हाट लगने के बावजूद चोरी की घटना होना चिंता का विषय है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से हाट और आसपास के इलाके में निगरानी बढ़ाने तथा नियमित गश्त कराने की मांग की है।
स्थानीय लोगों ने कहा कि हाल के दिनों में मुसरीघरारी क्षेत्र में चोरी, लूट और सड़क दुर्घटनाओं की घटनाओं को लेकर लोगों में चिंता बढ़ी है। लोगों ने पुलिस से असामाजिक तत्वों और अपराधियों के खिलाफ सख्ती बरतने तथा बाजार और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने की मांग की है। लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पुलिस की सक्रियता बढ़ाना जरूरी है। मुसरीघरारी प्रभारी थाना अध्यक्ष नेहा निधि ने बताया कि आवेदन मिला है जांच किया जा रहा है