नया विचार न्यूज़ सरायरंजन | प्रखंड क्षेत्र के जितवारपुर कुम्हिरा पंचायत स्थित मंदिर प्रांगण में रविवार को मनोकामना दुर्गा पूजा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी दुर्गा पूजा को सफल एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
बैठक में दुर्गा पूजा के लिए प्रतिमा निर्माण, मंदिर की रंगाई-पुताई एवं सजावट समेत मेला में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विचार-विमर्श किया गया। श्रद्धालुओं के लिए पेयजल और प्रसाद की समुचित व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा पूजा के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने पर भी चर्चा हुई।
समिति के सदस्यों ने पूजा के दौरान अलग से स्वयंसेवकों (वॉलेंटियर) की तैनाती करने पर जोर दिया। स्वयंसेवक मेला एवं पूजा स्थल पर श्रद्धालुओं की सहायता करने के साथ ही भीड़ को व्यवस्थित रखने में सहयोग करेंगे। बैठक में पूजा की सभी तैयारियां समय पर पूरी करने पर सहमति बनी।
बैठक में पूजा समिति के अध्यक्ष सह कोषाध्यक्ष संजय कुमार राय, सचिव सोहन रजक, प्रबंधक जेपी शाह, पंडित अमित कुमार झा, संजीव झा, रोशन कुमार, गौरव कुमार, संजीत कुमार, मोहनलाल कर्ण सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।