UP News: उत्तर प्रदेश के बदायूं में सोमवार को निर्माणाधीन मकान की छत का हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया. हादसे के समय वहां मौजूद तीन लोग मलबे में दब गए. तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद तीनों को मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया. इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई, जबकि मकान मालिक घायल है और उसका उपचार चल रहा है.
लिंटर डालने के दौरान हुआ हादसा
हादसा उसहैत थाना क्षेत्र के नौगवां नासीर नगर गांव में हुआ. गांव निवासी दलवीर उर्फ पन्नालाल पुत्र धर्मपाल के नए मकान में छत डालने का काम चल रहा था. बताया गया कि मकान के पिछले हिस्से में निर्माण कार्य के दौरान अचानक लिंटर का एक हिस्सा नीचे आ गिरा. इसकी चपेट में शाहजहांपुर जिले के कलान थाना क्षेत्र स्थित मदनपुर गांव निवासी अवनीश (28) पुत्र राजपाल, चंद्रभान (30) पुत्र रतज सिंह और मकान मालिक दलवीर आ गए.
ग्रामीणों ने पुलिस के साथ चलाया रेस्क्यू
छत गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे. मलबे में तीन लोगों के दबे होने की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू कर दिया. सूचना मिलने पर उसहैत थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची. ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों ने मिलकर काफी मशक्कत के बाद मलबा हटाया और तीनों को बाहर निकाला. इसके बाद सभी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया.
इलाज के दौरान दो लोगों ने तोड़ा दम
हादसे में अवनीश की हालत गंभीर थी. अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. वहीं चंद्रभान को गंभीर हालत में राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया. मकान मालिक दलवीर भी हादसे में घायल हुआ है. उसका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है.
दो मौतों से परिवारों में मचा कोहराम
एक ही हादसे में दो लोगों की मौत की सूचना मिलते ही उनके परिवारों में चीख-पुकार मच गई. गांव में भी शोक का माहौल है. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई है. सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि निर्माणाधीन मकान का लिंटर गिरने से तीन लोग मलबे में दब गए थे. इनमें दो लोगों की उपचार के दौरान मौत हुई है, जबकि घायल व्यक्ति का इलाज कराया जा रहा है.
यह भी पढ़ें: UP में 10 वरिष्ठ IAS अफसरों का तबादला, आशीष गोयल-अनिल कुमार समेत कई अधिकारियों के विभाग बदले, देखें पूरी लिस्ट
The post बदायूं में निर्माणाधीन मकान की छत गिरी, मलबे में दबे तीन लोग, इलाज के दौरान दो की मौत appeared first on Naya Vichar.

