नया विचार न्यूज़ सरायरंजन। मुसरीघरारी नगर पंचायत के वार्ड संख्या-9 स्थित उदा पट्टी गांव के पछियारी टोल स्थित चैती दुर्गा स्थान एवं ब्रह्मस्थान परिसर में सोमवार से शुरू हुआ 24 घंटे का अष्टयाम महायज्ञ मंगलवार को भजन-कीर्तन एवं कथा के साथ संपन्न हुआ। समापन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान ‘जयति शिवा, शिव जानकी, राम-राधेश्याम, जय जय हनुमान’ के जयकारे और मंत्र जाप से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कथा वाचक आचार्य सत्यनारायण मिश्र ने कहा कि भादो एकादशी के दिन अष्टयाम महायज्ञ का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। भगवान विष्णु सृष्टि के पालनकर्ता माने जाते हैं। उनकी आराधना से श्रद्धालुओं को सुख, शांति और समृद्धि की प्राप्ति की कामना की जाती है। एकादशी व्रत और भगवान विष्णु के स्मरण को सनातन परंपरा में पुण्यकारी माना गया है।
महायज्ञ में आसपास के विभिन्न गांवों से श्रद्धालु अपनी-अपनी मंडलियों के साथ शामिल हुए। 24 घंटे तक अखंड मंत्र जाप, संकीर्तन और भक्ति गीतों का आयोजन चलता रहा। मंगलवार को विधिवत पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और कथा के बाद महायज्ञ का समापन किया गया।
आयोजन में पंडित अनिरुद्ध मिश्र, महंत बाबा राधाकांत झा, तंमु झा, नागेंद्र झा समेत ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मौके पर निरंजन चौधरी, दीपल चौधरी, मजू चौधरी, प्रभु चौधरी, सुरेंद्र झा, विनोद चौधरी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।
