Hot News

AK-47, इंसास रायफल और गोलियां…जमीरा पहाड़ से बरामद हथियारों का नक्सल कनेक्शन

चाकुलिया : पश्चिम बंगाल के मिदनापुर क्षेत्र से पकड़ी गयी दो लाख की इनामी स्त्री नक्सली मालती मुर्मू को लेकर कोलकाता एसटीएफ और झारखंड एवं छत्तीसगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम चाकुलिया पहुंची. मालती की निशानदेही पर चाकुलिया की बर्डीकानपुर-कालापाथर पंचायत अंतर्गत जोभी गांव के समीप जमीरा पहाड़ से एक एके-47, एक इंसास राइफल, 210 गोलियां और कई मैगजीन बरामद की गयीं. पुलिस के अनुसार बरामदगी के बाद इसे नक्सल विरोधी अभियान में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है.

मालती को लेकर जोभी पहुंची थी पुलिस टीम

मालती मुर्मू को लेकर पुलिस और कोबरा जवानों की टीम जोभी गांव पहुंची थी. वहां से टीम पैदल जमीरा पहाड़ की ओर गयी. पहाड़ी इलाके में मालती की निशानदेही पर हथियारों की तलाश की गयी. इसके बाद पुलिस को हथियार और कारतूस बरामद हुए. बताया गया कि बरामद एके-47 के साथ 125 गोलियां, जबकि इंसास राइफल के साथ 85 गोलियां मिली हैं. इसके अलावा कई मैगजीन भी बरामद की गयी हैं.

पति मंगल के साथ नक्सली संगठन में सक्रिय थी मालती

मालती मुर्मू माओवादी एरिया कमेटी की सदस्य रही है. झारखंड पुलिस ने उस पर दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया था. बताया जाता है कि उसका पति मंगल महतो उर्फ समीर भी नक्सली संगठन में सक्रिय रहा है. मंगल एके-47 और मालती इंसास राइफल लेकर चलती थी. पुलिस के अनुसार, दोनों पहले पोलित ब्यूरो सदस्य और लालगढ़ आंदोलन के अगुवा कोटेश्वर राव उर्फ किशनजी के बॉडीगार्ड रहे थे. वर्ष 2011 में मुठभेड़ में किशनजी के मारे जाने के बाद दोनों बंगाल स्टेट कमेटी के सचिव असीम मंडल के बॉडीगार्ड बन गये थे.

असीम मंडल की गिरफ्तारी के बाद खुली कड़ी

बताया गया कि असीम मंडल के जंगल से बाहर निकलने के बाद मंगल और मालती जमीरा पहाड़ इलाके में हथियार छिपाकर संगठन से बाहर निकल गये थे. इसके बाद दोनों पश्चिम बंगाल में अपने एक संबंधी के यहां छिपकर रह रहे थे. संगठन में रहते हुए दोनों ने कॉमरेड मैरिज की थी. असीम मंडल की गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ की पूछताछ में मंगल और मालती के ठिकानों के संबंध में जानकारी सामने आने की बात कही जा रही है. इसके बाद पुलिस ने दोनों की तलाश तेज की. हालांकि, चर्चा यह भी है कि मंगल और मालती ने आत्मसमर्पण किया है. इस संबंध में पुलिस की ओर से आधिकारिक तौर पर स्थिति स्पष्ट किया जाना बाकी है.

The post AK-47, इंसास रायफल और गोलियां…जमीरा पहाड़ से बरामद हथियारों का नक्सल कनेक्शन appeared first on Naya Vichar.

Spread the love

विनोद झा
संपादक नया विचार

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top