FIR Actor Ishwar Thakur Hospitalised ICU: मेरा भाई आईसीयू में है.. अगर दवाई और ईलाज की मदद नहीं मिली, तो वो मर जाएगा. मैंने उसके इलाज में अपना सब कुछ गंवा दिया है. अब मेरे पास बस गुहार करने के अलावा कुछ नहीं है. नया विचार ने जब एफआईआर के गोलू यानी ईश्वर ठाकुर से उनके सेहत की जानकारी लेने के लिए कॉल किया, तो सामने से कॉल उनकी बहन जयश्री ने उठाया. भाई की जानकारी देते हुए जयश्री रो पड़ीं. जयश्री ने बताया, अचानक से तबीयत बिगड़ने के कारण आईसीयू में बुधवार को एडमिट कराया है.
किडनी ने काम करना किया बंद, ICU में भर्ती
एक्ट्रेस की बहन ने उनकी तबीयत के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि पिछले तीन-चार दिनों से वह गंभीर इंफेक्शन से जूझ रहे हैं. संक्रमण बढ़ने के बाद उनकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई. स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि उनकी किडनी ने काम करना बंद कर दिया और शरीर में क्रिएटिनिन का स्तर काफी बढ़ गया.
बहन के मुताबिक, अभिनेता को सुबह से आईसीयू में भर्ती कराया गया है. डॉक्टर उनकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और इलाज चल रहा है. परिवार इस वक्त बेहद मुश्किल दौर से गुजर रहा है और हर गुजरते दिन के साथ इलाज का खर्च बढ़ता जा रहा है.
एक दिन में 40 हजार रुपये का खर्च
इलाज का खर्च परिवार के लिए सबसे बड़ी परेशानी बन गया है. बहन ने बताया कि सिर्फ एक दिन में दवाइयों और मेडिकल टेस्ट पर करीब 35 हजार रुपये से ज्यादा खर्च हो चुके हैं. वहीं, आईसीयू में भर्ती रहने का खर्च भी लगभग 15 हजार रुपये प्रतिदिन है. बहन ने अपने गहने और बची हुई राशि भी इस खर्च में लगा दिए.
उनकी आर्थिक स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि परिवार को घर का सामान तक बेचना पड़ा है. बहन के मुताबिक, घर में जो कुछ भी था, वह इलाज के खर्च में चला गया. अब उनके पास कुछ नहीं बचा है और भाई का इलाज जारी रखने के लिए उन्हें कर्ज लेना पड़ रहा है.
परिवार पहले ही झेल चुका है बड़ा सदमा
एक्टर की बीमारी के बीच उनका परिवार पहले से ही एक बड़े दुख से गुजर रहा है. बहन ने बताया कि उनके छोटे भाई का लंबे समय तक मानसिक बीमारी का इलाज चला था. करीब 30 साल तक इलाज चलने के बाद उनका निधन हो गया. अब 26 सितंबर को उनकी पहली बरसी है.
वहीं, परिवार की बुजुर्ग मां भी दिल की मरीज हैं. कुछ दिन पहले ही एक्टर ने किसी तरह 5 हजार रुपये जुटाकर मां की दवाइयों का इंतजाम किया था. लेकिन अब खुद आईसीयू में भर्ती होने के बाद परिवार के सामने मां की दवाइयों का खर्च उठाना भी मुश्किल हो गया है.
ये भी पढ़ें: बप्पा के दरबार में दिखा ‘संजू बाबा’ का रोमांटिक अंदाज, पत्नी मान्यता के माथे पर लगाया तिलक, वीडियो वायरल
सोनू सूद समेत इन लोगों ने पहले की थी मदद
मुश्किल समय में टीवी इंडस्ट्री के कुछ लोग पहले भी एक्टर और उनके परिवार की मदद कर चुके हैं. बहन के मुताबिक, साल 2020 में जब उनकी स्थिति खराब हुई थी, तब अभिनेता सोनू सूद ने उनकी आर्थिक मदद की थी. इसके अलावा ‘FIR’ और ‘भाभी जी घर पर हैं’ के डायरेक्टर ने भी मदद का हाथ बढ़ाया था. हाल ही में उनकी मदद को एक्ट्रेस नूपुर अलंकार भी आई.
एक्ट्रेस कविता कौशिक और शोज से जुड़े कई दूसरे कलाकारों ने भी उस वक्त परिवार को सपोर्ट किया था. अब एक बार फिर परिवार को इंडस्ट्री और लोगों से आर्थिक मदद की उम्मीद है.
अब तक मिली सिर्फ 6,500 रुपये की मदद
बहन ने बताया कि मौजूदा समय में उन्हें मदद की बेहद जरूरत है. आज सुबह से अब तक परिवार को करीब 6,500 रुपये की ही आर्थिक मदद मिल पाई है। नुपुर अलंकार और संतोष कुमार जैसे लोगों ने मदद के लिए हाथ बढ़ाया है.
टीवी पर अपने अभिनय से दर्शकों का मनोरंजन करने वाले इस एक्टर की असल जिंदगी इस समय बेहद मुश्किल दौर से गुजर रही है. परिवार के पास इलाज जारी रखने के लिए पर्याप्त पैसे नहीं हैं और वह लोगों से मदद की उम्मीद कर रहा है. ऐसे में फिलहाल उनकी जिंदगी बचाने के लिए इलाज के साथ-साथ आर्थिक मदद भी परिवार की सबसे बड़ी जरूरत बन गई है.
ये भी पढ़ें: जिंदगी और मौत से लड़ रहे हैं FIR फेम और भाभी जी घर पर हैं के ये एक्टर, अस्पताल का बिल भरने के भी नहीं बचे पैसे
The post Naya Vichar Exclusive: ‘इलाज नहीं मिला तो भाई मर जाएगा…’, ‘FIR’ फेम ईश्वर ठाकुर ICU में भर्ती, किडनी फेल होने के बाद बहन की रुला देने वाली गुहार appeared first on Naya Vichar.

