बोकारो. वेदांता ईएसएल स्टील लिमिटेड के प्लांट परिसर में रविवार को गैस के संपर्क में आने से दो लोगों की मौत हो गयी. मृतकों की पहचान हजारीबाग निवासी सोहन महतो और धनबाद निवासी समीर अंसारी के रूप में हुई है. घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गयी.
एक कंपनी का कर्मचारी, दूसरा बिजनेस पार्टनर के अधीन कार्यरत
कंपनी की ओर से जारी बयान के अनुसार, मृतकों में एक कंपनी का एग्जीक्यूटिव था, जबकि दूसरा बिजनेस पार्टनर के अधीन इंजीनियर के रूप में कार्यरत था. गैस के संपर्क में आने के बाद दोनों को प्रारंभिक जांच के बाद अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका.
ये भी पढ़ें: बोकारो: आठ माह बाद भी 35 लाख की चोरी का खुलासा नहीं, पीड़ित परिवार लगा रहा थाने का चक्कर
हादसे की समाचार से संबंधित क्षेत्र में शोक का माहौल है. हालांकि, घटना किस परिस्थिति में हुई और किस प्रकार की गैस के संपर्क में आने से दोनों की मौत हुई, इसकी विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आयी है.
कंपनी ने जताया शोक, स्वतंत्र जांच का भरोसा
ईएसएल स्टील लिमिटेड ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जतायी है. कंपनी ने कहा है कि इस कठिन समय में दोनों परिवारों को हरसंभव सहायता और सहयोग दिया जा रहा है.
कंपनी के प्रवक्ता के अनुसार, घटना की स्वतंत्र जांच करायी जायेगी. जांच के निष्कर्षों के आधार पर उचित कदम उठाये जायेंगे. फिलहाल, हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच के निष्कर्षों का इंतजार है.
The post बोकारो के ईएसएल स्टील प्लांट में बड़ा हादसा, गैस की चपेट में आने से दो की गई जान appeared first on Naya Vichar.
