Hot News

दुर्गा पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक, पंडालों में सीसीटीवी लगाना अनिवार्य

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन। सरायरंजन प्रखंड के सरायरंजन थाना परिसर में रविवार की शाम दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी सुनील कुमार ने की। इसमें प्रशासनिक अधिकारियों ने पूजा समितियों के सदस्यों एवं क्षेत्र के बुद्धिजीवियों से पर्व के दौरान आपसी भाईचारा बनाए रखने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की।

बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ सुनील कुमार ने कहा कि दुर्गा पूजा आपसी सद्भाव और श्रद्धा का पर्व है। इसे शांतिपूर्ण माहौल में मनाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने पूजा समितियों को अपने-अपने पंडालों में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया, ताकि गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। उन्होंने कहा कि पूजा पंडालों में स्त्रीओं और पुरुषों के आने-जाने के लिए अलग-अलग निकास द्वार की व्यवस्था की जाए, जिससे भीड़ के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूजा समितियों को आवश्यक इंतजाम करने चाहिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार की खतरनाक वस्तु का इस्तेमाल नहीं किया जाए। पूजा पंडालों में ऐसे नारे, स्लोगन, कार्टून या चित्र प्रदर्शित नहीं किए जाएं, जिनसे कानून का उल्लंघन हो या समाज में गलत संदेश जाए। सभी समितियों से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से पूजा आयोजित करने की अपील की गई।

रावण दहन स्थल पर होगी बैरिकेडिंग

बैठक में रावण दहन कार्यक्रम को लेकर भी सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की गई। बीडीओ ने बताया कि रावण दहन के दिन प्रशासन की ओर से कार्यक्रम स्थल पर उचित बैरिकेडिंग कराई जाएगी, ताकि दर्शकों को सुरक्षित दूरी पर रखा जा सके और आवागमन में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं हो। उन्होंने पूजा समितियों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्था को सुचारु रखने की अपील की।

इस मौके पर सरायरंजन थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। सभी पूजा समितियां अपने स्तर से भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा पर ध्यान दें। जुलूस निकालने तथा अन्य कार्यक्रमों के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करें। किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और कोई संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय स्थिति दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान शांति भंग करने की कोशिश करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, अंचल अधिकारी निशांत कुमार ने लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान सभी समुदायों के लोग एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करें। पूजा समितियां प्रशासन के निर्देशों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के पूजा-अर्चना कर सकें। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहयोग से ही पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सकता है।

बैठक में दुर्गा पूजा समिति के सदस्य, स्थानीय बुद्धिजीवी एवं क्षेत्र के अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Spread the love

विनोद झा
संपादक नया विचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top