छूटे मतदाताओं का नाम जोड़ने के लिए आज से दो दिन लगेगा विशेष कैंप
नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर : हिंदुस्तान निर्वाचन आयोग के निर्देश पर समस्तीपुर जिले के सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर 15 और 16 अक्टूबर को विशेष कैंप का आयोजन किया जाएगा। विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद मतदाता सूची में छूटे योग्य निर्वाचकों के नाम जोड़ने के साथ ही नाम विलोपन और संशोधन से संबंधित कार्य किए जाएंगे।
कैंप के दौरान संबंधित मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) प्रपत्र-6, 7 और 8 के साथ उपस्थित रहेंगे। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम हटवाने या किसी प्रकार का संशोधन कराने के इच्छुक लोग निर्धारित तिथि को अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर आवेदन कर सकते हैं।
इस विशेष अभियान की निगरानी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी स्तर के अधिकारी करेंगे। इनमें उप विकास आयुक्त, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी और भूमि सुधार उप समाहर्ता शामिल हैं।
जिला प्रशासन ने आम लोगों से विशेष कैंप का लाभ उठाने की अपील की है, ताकि पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल करने और सूची में आवश्यक सुधार करने की प्रक्रिया पूरी की जा सके।
