Chorbagan Stampede Row: उत्तर कोलकाता के चोरबागान सर्वजनीन दुर्गा पूजा पंडाल में महासप्तमी की शाम हुई भगदड़ की घटना के बाद अब पूजा समिति में अंदरूनी मतभेद और परंपराओं के उल्लंघन की बातें सामने आने लगी हैं. 19 श्रद्धालुओं की मौत और 24 लोगों के घायल होने की इस त्रासदी पर दुख व्यक्त करते हुए समिति के पूर्व महासचिव जयंत बनर्जी ने रविवार को अपना बयान दिया.
15 वर्षों तक चोरबागान दुर्गा पूजा समिति के महासचिव रहे जयंत बनर्जी ने दावा किया कि इस साल मां दुर्गा की प्रतिमा के पारंपरिक स्थान और दिशा को बदलना समुदाय की दशकों पुरानी परंपराओं के विपरीत था.
मैंने बार-बार आगाह किया था : जयंत बनर्जी
जुलाई 2026 में अपने पद से इस्तीफा देने वाले पूर्व महासचिव जयंत बनर्जी ने एक वीडियो संदेश जारी कर पूजा समिति के वर्तमान प्रबंधन पर सवाल उठाये हैं. उन्होंने कहा- हमारे समुदाय के तय नियमों के अनुसार, हम मां दुर्गा की प्रतिमा का मुख कभी किसी दूसरी दिशा में नहीं मोड़ते. चाहे कलाकार कितना भी बड़ा हो या कोई व्यक्ति कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, जब तक मैं पद पर रहा, मैंने कभी मूर्ति का स्थान या दिशा बदलने की अनुमति नहीं दी.
ये भी पढ़ें: कोलकाता भगदड़ पर एक्शन में शुभेंदु अधिकारी: हाई-लेवल जांच कमेटी, 25 लाख रुपए मुआवजा और प्रशासनी नौकरी का ऐलान
पुराने वाकयों का जिक्र, परंपरा टूटने पर जताया दुख
जयंत बनर्जी ने अतीत की कुछ घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि जब भी पंडाल के आसपास के ढांचे या खंभों में मामूली बदलाव किये गये, तो उनके और उनके करीबियों के साथ अप्रिय घटनाएं घटीं. उन्होंने याद दिलाया कि वर्ष 2023 में जब एक खंभे को दूसरी जगह स्थानांतरित किया गया था, तब उनके पिता का निधन हो गया था.
मैंने क्षेत्र के निवासियों, अपने दोस्तों और सहयोगियों को इस साल भी बार-बार आगाह किया था कि देवी की मूर्ति को उसके पारंपरिक स्थान से न हटाया जाये. मुझे नहीं पता कि इस बार मेरी चेतावनियों को नजरअंदाज क्यों किया गया. शायद यह महज एक दुखद संयोग था या कुछ और, लेकिन इस परंपरा के टूटने से मुझे गहरा आघात पहुंचा है. -जयंत बनर्जी, पूर्व महासचिव, चोरबागान दुर्गा पूजा कमेटी
हालांकि, जयंत बनर्जी ने सीधे तौर पर मूर्ति का स्थान बदलने और मची भगदड़ के बीच कोई सीधा संबंध नहीं जोड़ा, लेकिन उनके इस बयान ने हादसे की प्रशासनिक और ढांचागत जांच में एक नया मोड़ ला दिया है.
ये भी पढ़ें: शुभेंदु अधिकारी ने भवानी भवन में की हाई-लेवल मीटिंग, कोलकाता के बड़े पूजा पंडालों में प्रवेश पर रोक
The post मां दुर्गा की मूर्ति की जगह बदलने से अपशकुन! कोलकाता भगदड़ पर क्या बोले चोरबागान समिति के पूर्व महासचिव? appeared first on Naya Vichar.

