18 अक्टूबर 2026 की शाम मुंबई के जुहू में एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग हुई. इस घटना में टाइगर सुरक्षित बच गए, लेकिन उनके ड्राइवर फिरदौस समेत दो लोग घायल हो गए. हमले के बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग के अनिल पंडित के नाम से जारी एक संदेश में इसकी जिम्मेदारी ली गई और दावा किया गया कि यह हमला टाइगर की सलमान खान से नजदीकी के चलते किया गया है. सोशल मीडिया पोस्ट में कहा गया कि जो सलमान के साथ काम करेगा उसका यही हाल होगा.
क्या था 1998 का काला हिरण शिकार मामला?
यह मामला सितंबर-अक्टूबर 1998 का है. उस वक्त फिल्म ‘हम साथ-साथ हैं’ की शूटिंग राजस्थान के जोधपुर में चल रही थी. आरोप लगा कि शूटिंग के दौरान सलमान खान अपने साथी कलाकारों (सैफ अली खान, तब्बू, नीलम और सोनाली बेंद्रे) के साथ कांकाणी गांव के पास गए और वहां दो काले हिरणों (Blackbuck) का शिकार किया.
गोली चलने की आवाज सुनकर बिश्नोई समाज के स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे थे. ग्रामीणों ने जिप्सी का पीछा भी किया, लेकिन वो लोग वहां से निकलने में कामयाब रहे. इसके बाद बिश्नोई समाज की शिकायत पर वन विभाग और पुलिस ने सलमान खान समेत अन्य कलाकारों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण कानून ( indian Wildlife Protection Act, 1972) के तहत केस दर्ज किया.
धमकी भरे खत से गैलेक्सी अपार्टमेंट पर फायरिंग तक
सालों तक अदालत में चली यह लड़ाई 2022 के बाद सीधी धमकियों और हमलों में बदल गई:
- जून 2022: मुंबई के बांद्रा बैंडस्टैंड पर सलमान खान के पिता सलीम खान सुबह टहलने निकले थे. वहां एक बेंच पर धमकी भरा खत मिला, जिसमें सलमान और उनके पिता को सिद्धू मूसेवाला जैसा अंजाम भुगतने की चेतावनी दी गई थी.
- मार्च 2023: सलमान खान के मैनेजर को गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के नाम से धमकी भरा ईमेल भेजा गया, जिसमें आमने-सामने बात करने या अंजाम भुगतने की बात कही गई.
- अप्रैल 2024: बांद्रा स्थित सलमान खान के घर ‘गैलेक्सी अपार्टमेंट’ पर बाइक सवार दो हमलावरों ने कई राउंड गोलियां चलाईं. पुलिस ने शूटरों को पकड़ा और साजिश के तार लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई से जुड़े.
- 2024 की चार्जशीट (25 लाख की सुपारी): नवी मुंबई पुलिस ने अपनी जांच में खुलासा किया कि सलमान खान को उनके पनवेल फार्महाउस जाते वक्त या शूटिंग के दौरान निशाना बनाने के लिए 25 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी.
कनाडा से लेकर मुंबई तक: जब निशाने पर आए सलमान के साथी
समय के साथ इस सिंडिकेट ने सलमान खान के साथ दिखने या उनसे दोस्ती रखने वाले चेहरों को भी टारगेट करना शुरू किया:
- एपी ढिल्लों के घर पर हमला (सितंबर 2024): सिंगर एपी ढिल्लों ने अपने गाने ‘ओल्ड मनी’ के म्यूजिक वीडियो में सलमान खान को कास्ट किया था. फिर कनाडा के वैंकूवर में एपी ढिल्लों के घर के बाहर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की और गाड़ियों में आग लगा दी.
- रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग (1 फरवरी 2026): मशहूर डायरेक्टर रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर के बाहर अज्ञात शूटरों ने गोलियां चलाईं. इस घटना के पीछे भी इसी नेटवर्क की संलिप्तता की बात सामने आई.
ये भी पढ़ें: Tiger Shroff पर फायरिंग से दहली बॉलीवुड इंडस्ट्री, Salman Khan समेत इन सितारों पर भी हो चुके हैं हमले
अनमोल बिश्नोई की गिरफ्तारी के बाद भी घटनाएं जारी
लगातार हो रही इन वारदतों के बीच नवंबर 2025 में नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) को बड़ी कामयाबी मिली, जब बाबा सिद्दीकी हत्याकांड और गैलेक्सी अपार्टमेंट फायरिंग में वांटेड अनमोल बिश्नोई को अमेरिका से डिपोर्ट करवाकर हिंदुस्तान लाया गया और गिरफ्तार किया गया.
हालांकि, अनमोल की गिरफ्तारी के बाद भी 2026 में रोहित शेट्टी, गुरु रंधावा और अब टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर हुई फायरिंग यह साफ करती है कि इस नेटवर्क की गतिविधियां थमी नहीं हैं. मुंबई पुलिस फिलहाल टाइगर श्रॉफ केस में अब तक 3 गिरफ्तारी कर चुकी है.
The post 1998 काला हिरण केस से 2026 तक: सलमान खान के करीबियों पर कब-कब हुए हमले? जानिए पूरी टाइमलाइन appeared first on Naya Vichar.

